सोशल मीडिया पर छाया रहा 'राम' नाम, राहुल गांधी से लेकर इन नेताओं ने कही ये बात

punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2020 - 07:16 PM (IST)

नई दिल्लीः आयोध्या में बुधवार को राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों पूरे विधि-विधान से संपन्न हुआ। कई 100 वर्षों के बाद राम भक्तों का सपना पूरा होने जा रहा है। अयोध्या दुल्हन की तरह सजी हुई है, लोगों में उत्साह और उमंग है। लोगों ने ‘जय श्री राम’ के जयघोष करते हुए बहुप्रतीक्षित राम मंदिर भूमि पूजन कार्यक्रम के साक्षी बने। अयोध्या तो न्यारी ही छटा में है। सड़कों के किनारे पीले रंगे मकान शुभ कार्य का संदेश दे रहे हैं। कोई घर ऐसा नहीं, जिस पर भगवा पताका न लहरा रही हो। सड़कों पर रंगोली सज रही है, कतारबद्ध किए जा रहे दीपक कल्पना को उसी समय में धकेल रहे हैं कि जब चौदह वर्ष का वनवास समाप्त कर प्रभु श्रीराम अपनी अयोध्या लौटे होंगे।  ऐसे महान समय में बाबाओं और राजनेताओं में भी काफी उत्सुकता देखी जा रही है।
PunjabKesari
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इस अवसर पर कहा कि राम-मंदिर निर्माण के शुभारंभ पर सभी को बधाई! मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु राम के मंदिर का निर्माण न्यायप्रक्रिया के अनुरूप तथा जनसाधारण के उत्साह व सामाजिक सौहार्द के संबल से हो रहा है। मुझे विश्वास है कि मंदिर परिसर, रामराज्य के आदर्शों पर आधारित आधुनिक भारत का प्रतीक बनेगा।
PunjabKesari
उपराष्ट्रपति एम. वेकैया नायडू ने राम मंदिर भूमि पूजन पर कहा कि पुरुषोत्तम श्री राम द्वारा स्थापित मर्यादाएं भारत की मौलिक चेतना का अभिन्न अंग है, जो क्षेत्र या जाति की संकीर्ण सीमाओं से ऊपर, आज भी सभी के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने राम मंदिर के पुनर्निर्माण को सत्य, नैतिकता जैसे मानवीय मूल्यों तथा श्री राम द्वारा स्थापित मर्यादाओं की पुनर्स्थापना बताया है। अयोध्या के राजा के रूप में उन्होंने सदाचरण के सर्वोच्च प्रतिमान स्थापित किए जो सभी के लिए अनुकरणीय थे।
PunjabKesari
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम सर्वोत्तम मानवीय गुणों का स्वरूप हैं। वे हमारे मन की गहराइयों में बसी मानवता की मूल भावना हैं। राम प्रेम हैं वे कभी घृणा में प्रकट नहीं हो सकते राम करुणा हैं वे कभी क्रूरता में प्रकट नहीं हो सकते राम न्याय हैं वे कभी अन्याय में प्रकट नहीं हो सकते। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि सरलता, साहस, संयम, त्याग, वचनवद्धता, दीनबंधु राम नाम का सार है। राम सबमें हैं, राम सबके साथ हैं।
PunjabKesari
कांग्रेस ने कहा कि भारत भूमि भगवान राम के मर्यादित जीवन और आदर्शों से सदैव गौरवान्वित हुई है। यही आदर्श महात्मा गांधी का “रामराज्य” हैं जो तप, त्याग, सेवा, कर्तव्य, करुणा, बंधुत्व, सद्भाव का अनुसरण है। आइए यह मार्ग प्रशस्त करें। इस पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएँ!

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रभु श्री राम मंदिर निर्माण असंख्य नाम-अनाम रामभक्तों के सदियों के निरंतर त्याग, संघर्ष, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। आज के दिन मैं उन सभी तपस्वियों को नमन करता हूँ जिन्होंने इतने वर्षों तक सनातन संस्कृति की इस अमूल्य धरोहर के लिए संघर्ष किया। जय श्री राम!
PunjabKesari
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस अवसर पर कहा कि यह क्षण हर भारतवासी के लिए अत्यंत भावुक और आल्हादित करने वाला पल है। मंदिर निर्माण का शुभारंभ हो इसके लिए रामभक्तों ने लम्बा संघर्ष किया है और यहाँ तक कि अपने प्राणों की आहुति भी दी है। यह दिन उन्हें भी स्मरण और नमन करने का दिन है। सभी रामभक्तों को आज के इस ऐतिहासिक दिन की बधाई।
PunjabKesari
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर भूमिपूजन पर कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के भूमिपूजन का यह अवसर, गौरव का है, आह्लाद का है, संतोष का है, सत्यजीत करुणा का है। हम भाग्यशाली हैं कि प्रभु श्रीराम ने हमें इस ऐतिहासिक घटना के साक्षी होने का सकल आशीष प्रदान किया। जय सिया राम।
PunjabKesari
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं आज गदगद हूँ, भावविह्वल हूँ! प्रभु श्रीराम के मंदिर के भूमिपूजन के बाद एक नया युग प्रारम्भ होने जा रहा है। आप सभी को मेरी अनंत शुभकामनाएँ!  जय श्री राम।
PunjabKesari
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भूमि पूजन के मौक़े पर पूरे देश को बधाई भगवान राम का आशीर्वाद हम पर बना रहे। उनके आशीर्वाद से हमारे देश को भुखमरी, अशिक्षा और ग़रीबी से मुक्ति मिले और भारत दुनिया का सबसे शक्तिशाली राष्ट्र बने। आने वाले समय में भारत दुनिया को दिशा दे। जय श्री राम! जय बजरंग बली!
PunjabKesari
राम जन्मभूमि स्थल पर पहुंच योग गुरु रामदेव बोले- भारत का सबसे बड़ा सौभाग्य जो हम राममंदिर कार्यक्रम को देख रहे हैं ... इस राष्ट्र में 'रामराज्य' स्थापित करने के लिए, पतंजलि योगपीठ अयोध्या में एक भव्य 'गुरुकुल' बनाएगी। दुनिया भर के लोग यहां वेद, आयुर्वेद का अध्ययन कर सकेंगे। योग गुरु रामदेव ने हनुमान गढ़ी मंदिर में पूजा की। रामदेव ने कहा, '5 तारीख देश की ऐतिहासिक तारीख है। आज के दिन को सदियां याद करेगी। भारत राम राज्य में प्रवेश कर रहा है।'

हिंदी कवि डॉ. कुमार विश्वास ने एक चौपाई के जरिए राम मंदिर भूमि पूजन पर अपनी खुशी जाहिर की। कुमार ने लिखा, “सुनु कपीस अंगद लंकेसा। पावन पुरी रुचिर यह देसा।। जद्यपि सब बैकुंठ बखाना। बेद पुरान बिदित जगु जाना।। अवधपुरी सम प्रिय नहिं सोऊ। यह प्रसंग जानइ कोउ कोऊ।। जन्मभूमि मम पुरी सुहावनि। उत्तर दिसि बह सरजू पावनि।।
PunjabKesari
वहीं, ऑल इंडिया पर्सनल लॉ बोर्ड ने राम मंदिर भूमि पूजन का विरोध किया। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ के सदस्य जफरयाब जिलानी अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिये भूमि पूजन होने के बाद भी मानते हैं कि वहां बाबरी मस्जिद है जबकि एक अन्य मुस्लिम नेता का मानना है कि आज लगभग पांच सौ साल के विवाद का पूरी तरह पटाक्षेप हो गया और हिंदूओं की उम्मीद आज पूरी हो गई। जिलानी ने कहा कि देश के मुसलमान अभी भी मानते हैं कि अयोध्या में बाबरी मस्जिद है जिसे 6 दिसम्बर 1992 को गिरा दिया गया था। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने भी माना है कि वहां मस्जिद थी जिसे गिराना आपराधिक कृत था।
PunjabKesari
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, ''प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं भावुक हूं। मैं कहना चाहता हूं कि मैं भी उतना ही भावुक हूं क्योंकि मैं सह-अस्तित्व और नागरिकता की समानता में विश्वास करता हूं। प्रधानमंत्री, मैं भावुक हूं क्योंकि एक मस्जिद 450 साल से वहां खड़ी थी।
PunjabKesari
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज भूमिपूजन किया गया। अयोध्या में होने वाले राम मंदिर के भूमिपूजन को लेकर शहर में बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। नरेंद्र मोदी पहले प्रधानमंत्री हैं जो रामलला के दरबार में उपस्थित रहे। बतौर प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी का अयोध्या आना तो हुआ, पर रामलला के दर्शन का सुयोग नहीं बना। मोदी पांच अगस्त को प्रधानमंत्री रहते न केवल रामलला का दर्शन-पूजन करेंगे, बल्कि जन्मभूमि पर राम मंदिर की आधारशिला भी रखेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री बनने के पहले भी रामलला का दर्शन किया था।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News