महात्मा गांधी को गोली मारने वालों की विचाराधारा आज देश चला रही है: राहुल

punjabkesari.in Friday, Jan 31, 2025 - 12:52 AM (IST)

नेशनल डेस्क : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर देश में नफरत फैलाने का आरोप लगाया और यह दावा किया कि जिन लोगों ने महात्मा गांधी को गोली मारी थी उनकी विचारधारा आज भारत को चला रही है। उन्होंने बादली में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वह अपनी जान दे सकते हैं, लेकिन भाजपा और आरएसएस से कभी समझौता नहीं कर सकते।

राहुल गांधी ने आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी तीखा प्रहार जारी रखा और कहा कि स्वच्छ राजनीति की बात करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री ने सबसे बड़ा शराब घोटाला कर दिया। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव बादली से उम्मीदवार हैं। राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर नफरत फैलाने का आरोप लगाया और कहा, ‘‘जहां भी ये नफरत फैलाएंगे, वहां हम मोहब्बत की दुकान खोलेंगे।'' उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि भाजपा और आरएसएस के लोग संविधान को खत्म करना चाहते हैं।

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘मोदी जी नफरत फैलाते हैं क्योंकि वह चाहते हैं कि देश की जनता बंट जाए और फिर आपका धन अदाणी और अंबानी जैसे लोगों को दिया जा सके।'' उन्होंने दावा किया कि भाजपा दलितों, गरीबों, आदिवासियों, पिछड़ों और किसानों के खिलाफ है। उन्होंने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि का उल्लेख करते हुए दावा किया, ‘‘गांधी जी को इन्हीं लोगों ने गोली मारी थी जिनकी विचारधारा आज हिंदुस्तान को चला रही है।''

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘आज दो सोच की लड़ाई है। एक तरफ कांग्रेस और दूसरी तरफ भाजपा एवं आरएसएस हैं।'' उनके मुताबिक, सब जानते हैं कि कांग्रेस और राहुल गांधी कभी भी भाजपा के साथ समझौता नहीं कर सकते। उन्होंने कहा, ‘‘मैं नहीं डरता। मुझसे पूछताछ की गई, मैंने कहा कि मुझे गिरफ्तार कर लो...हम मर जाएंगे, लेकिन इन लोगों से समझौता नहीं कर सकते।'' राहुल गांधी ने आम आदमी पार्टी के प्रमुख पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘केजरीवाल जी कुछ साल पहले राजनीति में आए थे। बिजली के खंभे पर चढ़ गए थे, छोटी गाड़ी में घूमते थे।

आजकल वही केजरीवाल जी शीशमहल में रहते हैं।'' उन्होंने आरोप लगाया कि साफ-सुथरी राजनीति की बात करने वाले केजरीवाल ने सबसे बड़ा शराब घोटाला कर दिया। कांग्रेस नेता ने यमुना नदी को साफ करने के केजरीवाल के पांच साल पुराने वादे का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘ केजरीवाल जी यमुना का पानी छोड़ो, लोगों के घरों में जो पानी आ रहा है, वही पानी पीकर दिखा दो।'' राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘मोदी जी की तरह केजरीवाल जी भी झूठे हैं। शायद केजरीवाल जी, मोदी जी से भी ज्यादा चालाक हैं।'' दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए पांच फरवरी को मतदान होगा। मतगणना आठ फरवरी को होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News