WhatsApp यूजर्स के लिए बड़ी खबर, केंद्र सरकार करने जा रही ये काम
punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 05:54 PM (IST)
नेशनल डेस्क : सरकार व्हाट्सऐप की 'यूजरनेम' विशेषता सुविधा पर गौर कर रही है। इसको लेकर इस बात की चिंता है कि इसका उपयोग किसी और का रूप धारण करने और धोखाधड़ी के लिए किया जा सकता है। इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने यह जानकारी दी। मेटा के स्वामित्व वाले मैसेजिंग मंच व्हाट्सऐप ने 'यूजरनेम' फीचर लाने की घोषणा की है।
सूत्रों ने बताया कि सरकार संभावित जोखिमों का आकलन करेगी। मेटा के स्वामित्व वाले इस मंच की हाल की घोषणा से चिंताएं पैदा हुई हैं। उन्होंने कहा कि इस विशेषता से उपयोगकर्ता ऐसे 'यूजरनेम' चुन सकते हैं जो असली एजेंसियों और दूसरी संस्थाओं के नामों से मिलते-जुलते हों। इससे धोखाधड़ी की संभावना बढ़ सकती है। साथ ही, इसका सार्वजनिक सुरक्षा और समाज पर बुरा असर पड़ सकता है।
सूत्रों ने कहा कि सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा या सार्वजनिक सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगी। मेटा के स्वामित्व वाले मैसेजिंग मंच व्हाट्सऐप ने 'यूजरनेम' विशेषता लाने की घोषणा की है। यह एक ऐसी विशेषता है जिससे 'यूजर' यानी उपयोगकर्ता अपने फोन नंबर शेयर किए बिना बातचीत यानी चैट कर सकेंगे। कंपनी 'यूजरनेम' की यह विशेषता इस साल के आखिर में आधिकारिक तौर पर पेश करेगी। वैसे कंपनी यूजरनेम आरक्षित करने की सुविधा शुरू कर चुकी है।
व्हाट्सऐप ने एक ब्लॉग में लिखा, ''इस सप्ताह से, आप यूजरनेम आरक्षित कर सकते हैं ताकि जब हम इस साल के आखिर में इस फीचर को पेश करें तो आप उसका इस्तेमाल कर सकें।'' मैसेजिंग मंच के अनुसार, इस कदम का मकसद फोन नंबर शेयर की जरूरत को समाप्त कर उपयोगकर्ता की खासकर समूह चैट में या नए लोगों से जुड़ते समय निजता को मजबूत करना है।
