गाय का दूध पीने वाले बुद्धिमान, भैंस का पीने वाले...; इस राज्य के शिक्षा मंत्री ने दिया अजीब बयान
punjabkesari.in Sunday, Feb 22, 2026 - 11:46 PM (IST)
नेशनल डेस्कः राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने रविवार को दावा किया कि देसी गाय का दूध बच्चों को सक्रिय और बुद्धिमान बनाता है, जबकि भैंस का दूध उन्हें सुस्त बनाता है। यहां रामगंज मंडी निर्वाचन क्षेत्र में 'गो-संवर्धन और गोचारण' पर आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए दिलावर ने घोषणा की कि क्षेत्र के 14 गांवों में गाय चराने की प्राचीन परंपरा को पुनर्जीवित करने के लिए एक 'ग्राम ग्वाला' नियुक्त किया गया है।
नई प्रणाली के तहत 70 से अधिक गायों के लिए एक ग्राम ग्वाला नियुक्त किया जाएगा। यदि संख्या 70 से अधिक है, तो दो ग्वाले नियुक्त किए जाएंगे। प्रत्येक ग्राम ग्वाले को 10,000 रुपए प्रति माह प्राप्त होंगे। एक अधिकारी ने बताया कि यह व्यवस्था गांव के दानदाताओं (भामाशाहों) के सहयोग से संचालित की जाएगी। मंत्री ने कहा, ''ऊंची पीठ वाली देसी गाय का दूध पीने वाला व्यक्ति बुद्धिमान बनता है, जबकि भैंस का दूध पीने वाले लोग सुस्त स्वभाव के हो जाते हैं।''
अपने दावों को सही ठहराने के लिए मंत्री ने कुछ ऐसी गायों और भैंसों का चयन करने के लिए कहा जिन्होंने बच्चे दिए हों और उन्हें विपरीत दिशाओं में खड़ा करने की बात कही। उन्होंने कहा, ''अब बच्चों को कुछ दूरी से उनकी माताओं के पास जाने के लिए छोड़ें, तो भैंस का पाड़ा अपनी मां को ढूंढने में मुश्किल महसूस करेगा, जबकि गाय का बछड़ा सीधे अपनी मां की ओर दौड़ेगा।'' उन्होंने कहा, ''इससे यह बात सिद्ध होती है कि गाय का दूध पीने वाला बच्चा बुद्धिमान और समझदार होता है, जबकि भैंस का बच्चा कम बुद्धि का होता है।''
