रक्षाबंधन पर मुंबई में बेस्ट बसों की हड़ताल से 30 लाख यात्रियों में हाहाकार

punjabkesari.in Monday, Aug 07, 2017 - 08:31 PM (IST)

मुंबई। समय पर वेतन भुगतान की मांग, सॉफ्टवेयर से काम के घंटों की गणना पर रोक, प्राइवेट बसों की हायरिंग पर रोक समेत अन्य मांगों के समर्थन में मुंबई में सरकारी बस सेवा बेस्ट के करीब 36 हजार कर्मचारी रक्षाबंधन के दिन सुबह से बेमियादी हड़ताल पर चले गए।

इससे मुंबई में यातायात व्यवस्था दिनभर प्रभावित रही। लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच बेस्ट कामगार संगठन के नेता सुहास सामंत ने कहा है कि हड़ताल 100 फीसदी कारगर रहा है। बीती मध्य रात्रि से एक भी बस सड़क पर नहीं उतरी है। माना जा रहा है कि बेस्ट की 3700 बसें डिपो में खड़ी हैं। इस हड़ताल से मुंबई के तीस लाख लोगों पर असर पड़ा है।

इस बीच लोगों की परेशानियों को देखते हुए ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट ने प्राइवेट गाड़ियों, जिनमें स्कूल बस और माल वाहक वाहन शामिल हैं, को यात्री ढोने की इजाजत दे दी है। ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट द्वारी जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि सभी प्राइवेट बसों, स्कूल बसों, कंपनियों के अधीन चलने वाली बसों और माल वाहक वाहनों के मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में यात्रियों को लाने-ले जाने की अनुमति दी जाती है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News