मंदिर के पास संदिग्ध हालत में फंदे पर झूलता मिला पुजारी और राजमिस्त्री का शव, मचा हड़कंप
punjabkesari.in Wednesday, Oct 15, 2025 - 11:52 PM (IST)
कोरापुटः ओडिशा के जयपुर शहर में एक मंदिर के पास बुधवार को एक ट्रांसजेंडर पुजारी और एक राजमिस्त्री पेड़ से लटके मिले। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच संभवत: प्रेम संबंध था। यह घटना जयपुर शहर थाना क्षेत्र के गोपबंधु नगर में कनक दुर्गा मंदिर के पास घटी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान राजू मच्छ नामक ट्रांसजेंडर के रूप में हुई है जो मंदिर में पुजारी था वहीं समारा राजमिस्त्री था। पुलिस के अनुसार राजू और समारा के बीच पिछले कुछ महीनों में कथित तौर पर संबंध विकसित हो गए थे।
उन्होंने बताया कि दोनों को आखिरी बार मंगलवार शाम मंदिर के पास एक साथ देखा गया था। स्थानीय लोगों को बुधवार तड़के उनके शव मिले। जयपुर उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) पार्थ कश्यप ने कहा, "अप्राकृतिक मौत के दो मामले दर्ज किए गए हैं और विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।"
उन्होंने कहा, "एक टीम ने घटनास्थल की जांच की और प्रथम दृष्टया साक्ष्यों से पता चलता है कि यह आत्महत्या का मामला है। हालांकि सटीक कारण का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।"
