लुधियाना को वैश्विक पहचान की दिशा में बड़ा कदम: टेक्सटाइल एक्सपोर्ट फसिलिटेशन सेंटर से उद्योग को नई शक्ति : तरुण चुग
punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 05:51 PM (IST)
नेशनल डेस्क : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने लुधियाना में टेक्सटाइल एक्सपोर्ट फसिलिटेशन सेंटर स्थापित करने के केंद्र सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे पंजाब के औद्योगिक परिदृश्य के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। चुग ने कहा कि यह पहल लुधियाना के ऊन, वूलन और निटवेयर उद्योग को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए सक्षम बनाएगी और निर्यात प्रक्रियाओं को सरल एवं सशक्त बनाएगी।
चुग ने कहा कि यह केंद्र विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को तकनीकी, परीक्षण और प्रक्रियागत सहायता प्रदान करेगा, जिससे छोटे उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय मानकों और बदलते वैश्विक व्यापार नियमों के अनुरूप खुद को ढालने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से उद्योग जगत को जिस संस्थागत समर्थन की आवश्यकता थी, वह अब साकार हो रहा है।
चुग ने जोड़ा कि निर्यात से जुड़े दस्तावेज़ीकरण, व्यापार समझौतों और वैश्विक गुणवत्ता मानकों के संदर्भ में यह केंद्र मार्गदर्शक की भूमिका निभाएगा। इससे न केवल पंजाब के उत्पादों की गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी, बल्कि राज्य की राजस्व वृद्धि और आर्थिक मजबूती को भी बल मिलेगा।
चुग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय स्पष्ट करता है कि केंद्र सरकार पंजाब के औद्योगिक विकास और युवाओं के लिए रोजगार सृजन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लुधियाना एक बार फिर देश के अग्रणी औद्योगिक केंद्र के रूप में अपनी पहचान को मजबूत करेगा।
