थप्पड़ के बदले में बुझा दिया घर का चिराग, मकान मालिक की बेटी को तड़पाकर ड्रम में ठूसा, मौत का मंजर देख फटी रह गईं आंखें

punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 03:20 PM (IST)

नेशनल डेस्क:  आगरा के ताजगंज इलाके से एक ऐसी रूहकपा देने वाली खबर आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। महज एक थप्पड़ का बदला लेने के लिए एक शख्स इतना गिर गया कि उसने अपने ही मकान मालिक की 8 साल की नन्हीं बेटी को मौत के घाट उतार दिया। मंगलवार से लापता मासूम का शव जब रात के अंधेरे में पुलिस को मिला, तो हर कोई दंग रह गया। हत्यारे ने पहचान छुपाने और लाश को ठिकाने लगाने के लिए उसे आटे के ड्रम में छिपा रखा था।

सिद्धार्थनगर गोबर चौकी के रहने वाले जूता कारोबारी दिनेश कुमार की बेटी दोपहर के वक्त अचानक गायब हो गई थी। घरवाले उसे हर जगह तलाशते रहे, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लगा। जब पुलिस ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो तस्वीर साफ हुई कि बच्ची दुकान से सामान लेकर घर के अंदर तो गई, पर बाहर नहीं निकली। शक की सुई घर के अंदर ही घूम गई। रात करीब 11 बजे जब डॉग स्क्वायड की मदद से घर के ऊपरी हिस्से में रहने वाले किराएदार सुनील के कमरे की तलाशी ली गई, तो वहां रखे आटे के ड्रम के अंदर बच्ची की लाश बरामद हुई।

इस खौफनाक वारदात के पीछे की वजह 5 महीने पुरानी एक रंजिश बताई जा रही है। दरअसल, किराया न देने पर दिनेश ने सुनील के कमरे में ताला लगा दिया था, जिसे लेकर काफी विवाद हुआ था। उस दौरान दिनेश के भाई ने सुनील को एक थप्पड़ जड़ दिया था। अपमानित महसूस कर रहे सुनील ने तब अंजाम भुगतने की धमकी दी थी, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि वह एक मासूम की जान लेकर अपना बदला पूरा करेगा।

 फिलहाल आरोपी सुनील फरार है और पुलिस की कई टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। घटना के बाद से इलाके में भारी तनाव है और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News