Heatwave Alert: सूरज के तेवर हुए तीखे, बांदा में 48 डिग्री और दिल्ली में 46 डिग्री पहुंचा तापमान, IMD ने जारी की सख्त गाइडलाइन्स

punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 01:14 PM (IST)

Heatwave Alert: देशभर में मई के महीने में पड़ रही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी ने लोगों का बुरा हाल कर दिया है। आसमान से बरसती आग और थपेड़े मारती गर्म हवाओं (लू) ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश का बांदा जिले में तापमान रिकॉर्ड 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में भी पारा 46 डिग्री के आंकड़ें को पार कर चुका है। IMD के अनुसार फिलहाल इस भयानक गर्मी और तपने से लोगों को राहत नहीं मिलने वाली।

राज्यों के अनुसार मौसम का हाल

1. दिल्ली-NCR में 25 मई तक 'ऑरेंज अलर्ट'

दिल्ली में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की संभावना है। दोपहर के समय तेज लू चलने से सड़कें सूनी हो रही हैं। IMD ने 25 मई तक के लिए दिल्ली-एनसीआर में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। फिलहाल यहाँ बारिश की कोई उम्मीद नहीं है और आसमान पूरी तरह साफ रहेगा।

2. उत्तर प्रदेश के कई जिलों में जारी हुआ 'रेड अलर्ट'

यूपी के बांदा में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, झांसी, जालौन, हमीरपुर, महोबा, फतेहपुर, औरैया, चित्रकूट, कौशांबी और प्रयागराज में प्रशासन ने रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा लोगों को बिना किसी काम के बाहर न जाने की सलाह देते हुए खुद को हाइड्रेटेड रखने की सलाह दी गई है।

3. राजस्थान में धूल भरी आंधियों के साथ तपती रातें का सितम जारी

 राजस्थान के कई हिस्सों में 20 से 30 kmph की रफ्तार से धूल भरी गर्म हवाएं चलने की संभावना है। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ और पिलानी में तापमान 46.3 डिग्री तक पहुंच चुका है। दिन के साथ रातों में भी रिकॉर्ड तोड़ गर्मी रिकॉर्ड दर्ज की जा रही है। IMD के अनुसार दो जिलों के लिए ऑरेंज और 16 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 

PunjabKesari

4. उत्तराखंड के पहाड़ों पर भी गर्मी की मार

मैदानी इलाकों के अलावा पहाड़ों में भी गर्मी का कहर जारी है। देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार जैसे शहरों में पारा 40 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। हालांकि, उत्तरकाशी और चमोली जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश से कुछ राहत मिल सकती है।

5. बिहार: बारिश का अलर्ट, लेकिन आगे आ रहा है 'नौतपा'

 बिहार के पटना, गया, भागलपुर और पूर्णिया में 25 मई तक आंधी और बारिश का पूर्वानुमान है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है। बिहार में 25 मई से 'नौतपा' शुरू हो रहा है, जो 2 जून तक चलेगा। इन 9 दिनों में देश के इस हिस्से में भीषण गर्मी पड़ने के आसार हैं, जो मानसून के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

दक्षिण भारत: 19 राज्यों में आंधी-बारिश की संभावना

एक तरफ जहाँ उत्तर भारत तप रहा है, वहीं दूसरी तरफ दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में बने चक्रवाती सिस्टम के कारण देश के 19 राज्यों में मौसम सुहावना होने की उम्मीद है। केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

PunjabKesari

मौसम विभाग ने जारी की गाइडलाइन 

  • दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच सीधे धूप में निकलने से बचें।
  • नींबू पानी, छाछ, ओआरएस (ORS) या पर्याप्त पानी पीकर शरीर को हाइड्रेटेड रखें।
  • सूती और ढीले कपड़े पहनें तथा बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें।
  •  

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News