श्रीनगर में 35.7 डिग्री सेल्सियस तापमान, 25 वर्ष में जुलाई का सबसे गर्म दिन रहा

punjabkesari.in Friday, Jul 05, 2024 - 12:19 AM (IST)

नेशनल डेस्क : कश्मीर में बृहस्पतिवार को गर्मी का प्रकोप जारी रहा और श्रीनगर में अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बृहस्पतिवार को दर्ज तापमान पिछले 25 वर्ष में जुलाई के महीने में सबसे अधिक रहा है। जुलाई 1999 में शहर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिल्ली (31.7 डिग्री सेल्सियस), कोलकाता (31 डिग्री सेल्सियस), मुंबई (32 डिग्री सेल्सियस) और बेंगलुरु (28 डिग्री सेल्सियस) की तुलना में श्रीनगर में तापमान अधिक दर्ज किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि घाटी के अन्य इलाकों में भी गर्मी का दौरा जारी है। काजीगुंड में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और कुपवाड़ा में 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले कुछ सप्ताह से घाटी के तापमान में वृद्धि हो रही है, जिससे कई इलाकों में पानी की कमी हो गई है। स्कूल शिक्षा विभाग ने पहले ही घाटी के सभी विद्यालयों में आठ जुलाई से 10 दिन की गर्मी की छुट्टी की घोषणा कर दी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का पूर्वानुमान जताया है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News