18 साल की नर्सिंग स्टूडेंट घर पर मृत मिली, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा, इस तरह हुई मौ''त...

punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2026 - 11:03 AM (IST)

तेलंगाना: तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जुलुरुपाडु मंडल के वेंगान्नापालेम गांव में 18 साल की एक नर्सिंग छात्रा अपने ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई। मृतका की पहचान हारिनी के रूप में हुई है, जो खम्मम के एक निजी कॉलेज में फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रही थी और हाल ही में छुट्टियों में अपने गांव आई थी।
 
पुलिस के अनुसार, घटना के समय हारिनी घर पर अकेली थी। उसकी मां राजेश्वरी, जो अपने पति के निधन के बाद दिहाड़ी मजदूरी करके अपनी दो बेटियों का पालन-पोषण करती हैं, जब काम से घर लौटीं तो उन्होंने हारिनी को गायब पाया। खोजबीन करने पर घर के पीछे बने बाथरूम के पास हारिनी का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए।

 शुरुआत में इसे संदिग्ध मौत माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम की शुरुआती रिपोर्ट आते ही मामले ने नया मोड़ ले लिया। मेडिकल रिपोर्ट से पुष्टि हुई है कि छात्रा की मौत गला घोंटने के कारण हुई है। कोठागुडेम के डीएसपी एल. आदि नारायण ने बताया, "पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर इस मामले को अब हत्या की धारा में बदल दिया गया है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज कर जांच तेज़ कर दी गई है।"  

छात्रा की मां ने पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति पर घटना में शामिल होने की आशंका जताई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांचकर्ताओं ने कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली है, जिसमें एक मुख्य संदिग्ध भी शामिल है जो फिलहाल फरार चल रहा है। पुलिस सूत्रों ने कहा, "कुछ संदिग्धों की पहचान की गई है और उन्हें पकड़ने की कोशिश जारी है, जिसमें मुख्य संदिग्ध भी शामिल है। हम विस्तृत फोरेंसिक और मेडिकल रिपोर्ट का इंतज़ार कर रहे हैं ताकि यह पक्का हो सके कि क्या कोई यौन उत्पीड़न हुआ था या नहीं।" जांचकर्ता पीड़िता के जानने वालों से पूछताछ कर रहे हैं और घटनास्थल से मिले सबूतों की जांच कर रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News