iPhone 18 Pro सीरीज की भारत में धमाकेदार एंट्री: मुंबई-दिल्ली के Apple स्टोर्स पर पूरी रात लाइन में खड़े रहे लोग

punjabkesari.in Friday, Sep 18, 2026 - 08:57 AM (IST)

मुंबई: Apple के नए स्मार्टफोन iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की बिक्री 18 सितंबर से भारत में आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुकी है। बिक्री का पहला दिन होते ही मुंबई के बीकेसी (BKC) और दिल्ली के साकेत स्थित सेलेक्ट सिटीवॉक मॉल के एपल स्टोर्स के बाहर फैंस का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। नए आईफोन की पहली झलक पाने और इसे खरीदने के लिए लोग पूरी रात लाइन में खड़े रहे।
 

एक ग्राहक ने कहा, "हम पूरी रात यहां खड़े रहे हैं। हम बहुत उत्साहित हैं। भले ही हमारे पास बारकोड नहीं है, फिर भी हम लाइन में खड़े हैं..." एक और ग्राहक  ने कहा, "मैं नासिक से यहां आया हूं। हम कल रात 10 बजे से लाइन में लगे हैं। मुझे पहला स्लॉट मिला है, जो सुबह 8 बजे का है। इसके बाद, हमें अपना प्रोडक्ट मिल जाएगा। मैं हर साल अपना मोबाइल बदलता हूं। अभी मेरे पास 17 Pro Max है, और अब मैं 18 Pro Max लेने जा रहा हूं।"

 

दिल्ली में Apple स्टोर के बाहर भीड़ जमा हुई
इसी तरह, iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की बिक्री शुरू होने से पहले, साकेत के सेलेक्ट सिटीवॉक मॉल में Apple स्टोर के बाहर सुबह-सुबह लोगों की भीड़ जमा होने लगी।
  
हालाँकि, इस बार Apple ने लाइन और भीड़ को व्यवस्थित रखने का इंतज़ाम पहले ही कर लिया है। ग्राहकों को प्री-बुकिंग के दौरान ही कोड और स्लॉट के बारे में जानकारी दी गई थी। स्टोर के बाहर भीड़ को बेकाबू होने से बचाने के लिए, एक तय व्यवस्था के तहत सुबह 7 बजे और सुबह 9 बजे के स्लॉट वाले ग्राहकों को पहले अंदर भेजा जा रहा है।

Apple का खास इंतज़ाम
Apple के सीनियर अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और ग्राहकों की लाइन को व्यवस्थित करते हुए दिख रहे हैं। लाइन में सबसे आगे खड़े मिकेश पटेल ने कहा कि वह पहले से ही iPhone 17 इस्तेमाल कर रहे हैं और अब नई टेक्नोलॉजी के साथ अपने फ़ोन को अपग्रेड करने के लिए iPhone 18 Pro लेने आए हैं।

iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की कीमत
कंपनी के अनुसार, यह नई सीरीज़ 256GB, 512GB, 1TB और 2TB स्टोरेज विकल्पों में पेश की गई है।
-iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत: ₹1,64,900
-iPhone 18 Pro Max की शुरुआती कीमत: ₹1,79,900
-कलर ऑप्शंस: ब्लैक, सिल्वर, ग्लेशियर और बिल्कुल नया बरगंडी (Burgundy) कलर में उपलब्ध हैं।

भारत सहित दुनिया के 65 से अधिक देशों में 12 सितंबर से शुरू हुई प्री-बुकिंग के बाद अब 18 सितंबर से यह फोन रिटेल स्टोर्स पर उपलब्ध हो चुका है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News