BRS ने तेलंगाना के MLA पर बस में लड़की को ''गलत तरीके से छूने'' का लगाए आरोप, वीडियो

punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 09:28 AM (IST)

तेलंगाना : विपक्षी पार्टी BRS ने बुधवार को तेलंगाना में सत्ताधारी कांग्रेस के MLA मलरेड्डी रंगा रेड्डी पर आरोप लगाया कि उन्होंने स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (RTC) की चलती बस में एक छात्रा को गलत तरीके से छुआ। एक वायरल वीडियो में इब्राहिमपटनम के MLA रंगा रेड्डी (70) को महिलाओं के लिए कांग्रेस सरकार की 'महालक्ष्मी' फ्री बस स्कीम के बारे में दो छात्राओं से बातचीत करते हुए देखा जा सकता है। छात्राओं ने रंगा रेड्डी (जो एक लड़की का हाथ पकड़े हुए दिख रहे हैं) को बताया कि वे पिछले एक साल से सरकारी बसों में यात्रा कर रही हैं और इससे वे सालाना लगभग 45,000 रुपए बचा पा रही हैं। 

BRS नेता आर.एस. प्रवीण कुमार ने सवाल किया कि MLA को लड़की का हाथ पकड़ने और उसे गलत तरीके से छूने की क्या जरूरत थी। उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, 'क्या यह अपराध नहीं है? क्या यह किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना नहीं है?' उन्होंने मांग की कि तेलंगाना राज्य महिला आयोग कानूनी राय लेने के बाद MLA को तलब करे। प्रवीण कुमार ने X पर एक पोस्ट में कहा, 'DGP महिला सुरक्षा, तेलंगाना DGP, यहां SHE टीमें कहां हैं? RTC कंडक्टर से शिकायत लें और IPC की धारा 354 के तहत मामला दर्ज करें। BJP और कांग्रेस दोनों ही महिलाओं का अपमान करने में एक-दूसरे से होड़ कर रहे हैं!' 

वहीं रंगा रेड्डी ने कहा कि वह छात्राओं के साथ पिता जैसे स्नेह के साथ स्कीम के बारे में बातचीत कर रहे थे, जिसे BRS ने गलत तरीके से पेश किया। एक वीडियो बयान में उन्होंने कहा कि 6 अक्टूबर को जिला कलेक्टर कार्यालय में एक बैठक के बाद वह शहर के बाहरी इलाके बोंगुलुरु में बस में चढ़े थे। उन्होंने कहा कि बस में उन्होंने कई तरह के लोगों से बातचीत की, और इसी दौरान कुछ छात्राओं ने यात्रियों की भारी भीड़ के कारण और बसें चलाने का अनुरोध किया। उन्होंने महिलाओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि बस के मुड़ते समय बनाए गए वीडियो का BRS सोशल मीडिया पर गलत मतलब निकाल रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News