दाढ़ी-मूछ आने से पहले ही तेजस्वी बन गए 13 संपत्तियों के मालिक: मोदी

punjabkesari.in Tuesday, Jul 18, 2017 - 05:44 PM (IST)

नई दिल्ली: बिहार में एक बार फिर भाजपा नेता सुशील मोदी ने आरजेडी प्रमुख के परिवार पर हमला बोला। उन्होंने तेजस्वी पर आरोप लगाते हुए कहा कि 26 साल में 26 संपत्तियों के मालिक बन चुके थे। उन्होंने कहा कि इन 26 संपत्तियों में 13 संपत्तियां उनके दाढ़ी-मूछ आने से पहले की और 13 संपत्तियां दाढ़ी-मूछ आने के बाद की हैं। मोदी के मुताबिक जब तेजस्वी यादव की उम्र महज 3 साल थी तब 2 संपत्ति उनके नाम रजिस्ट्री हुई थी। उनके नाबालिग रहते हुए ही आरजेडी नेता कांति सिंह और रघुनाथ झा ने उन्हें करोड़ों की जमीन दान में दी थी। भाजपा नेता ने कहा कि ये सभी संपत्तियां पटना और गोपालगंज में हैं।

13 बेनामी संपत्ति को आयकर विभाग ने किया जब्त 
तेजस्वी की इन 26 संपत्तियों में से 13 संपत्ति को आयकर विभाग ने बेनामी घोषित करके जब्त कर लिया है। सुशील मोदी का दावा है कि आरजेडी सांसद प्रेम चंद गुप्ता की पत्नी सरला गुप्ता की डिलाइट कंपनी के शेयर पर कब्जा करते समय या बिहार के सबसे बड़े मॉल से माल कमाते समय भी तेजस्वी ने अपनी दाढ़ी मुंछ को मुद्दा नहीं बनाया था। दरअसल तेजस्वी यादव ने अपने ऊपर लगे आरोपों की सफाई देते हुए कहा था कि जिस घोटाले को लेकर उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं उस वक्त तो उनकी दाढ़ी-मूछ भी नहीं निकली थी। अब तेजस्वी के इसी बयान को आधार बनाकर भाजपा ने दाढ़ी-मूछ को ही मुद्दा बना लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News