तेजस्वी यादव ने नीतीश बाबू पर दागे सवालों के 12 'अग्निबाण', बोले- मुंह न छिपाएं, ब्लकि जवाब दें

punjabkesari.in Monday, Sep 08, 2025 - 10:47 AM (IST)

नेशनल डेस्क: बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर तारीखों का ऐलान जल्द ही किया जाने वाला है। चुनाव से पहले वहां का माहौल काफी गर्माया हुआ है। राजनीतिक पार्टियों द्वारा एक दूसरे पर तंज कसे जा रहे हैं। अब हाल ही में तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार और सरकार पर हमला किया है। तेजस्वी ने सोशल मीडिया पर 12 तीखे सवाल दागकर एनडीए सरकार को घेरने की कोशिश की है।

PunjabKesari

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि पिछले 20 साल से बिहार में और 11 साल से केंद्र में नीतीश-मोदी की सरकार होने के बावजूद बिहार बेरोजगारी, पलायन और गरीबी का केंद्र बन गया है। उन्होंने कहा कि यह बात सिर्फ वे नहीं, बल्कि भारत सरकार की नीति आयोग की रिपोर्ट भी कहती है

PunjabKesari

तेजस्वी यादव के 12 सवाल

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के 8 करोड़ युवा पिछले 20 साल से मुख्यमंत्री से ये सवाल पूछना चाहते हैं:

  1. बिहार में केला, मक्का, मखाना, चावल, गन्ना, आलू, लीची और आम जैसे कई विश्व-प्रसिद्ध कृषि उत्पाद होते हैं। फिर भी इनसे जुड़े food processing industry बिहार में क्यों नहीं लगाई गई?
  2. बिहार बेरोजगारी का मुख्य केंद्र क्यों बना? 20 वर्षों में आईटी कंपनियां बिहार में क्यों नहीं आईं और यहां आईटी पार्क या विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) क्यों नहीं बन सके?
  3. बिहार में मछली उत्पादन के सभी संसाधन होने के बावजूद यहां मछली उत्पादन को बढ़ावा क्यों नहीं दिया गया? बिहार दूसरे राज्यों से मछली क्यों खरीदता है?
  4. राज्य में डेयरी प्रोडक्ट्स से जुड़े बड़े उद्योग क्यों नहीं लगाए गए? बिहार का दूध, घी, मक्खन और पनीर दूसरे राज्यों और देशों में क्यों नहीं भेजा जा सकता?
  5. बिहार में Industry-specific clusters क्यों नहीं लगाए जा सकते?
  6. बुनकर उद्योग, लघु उद्योग और हथकरघा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए क्या किया गया?
  7. बिहार में पर्यटन की अपार संभावनाएं होने के बावजूद इसे पर्यटन केंद्र के रूप में क्यों विकसित नहीं किया गया?
  8. सरकार ने नियुक्ति और भर्ती की प्रक्रियाओं को पारदर्शी और नियमित क्यों नहीं बनाया?
  9. पिछले 20 सालों में बिहार से कुल कितना पलायन हुआ और पलायन की दर इतनी क्यों बढ़ रही है?
  10. पिछले 20 सालों में कितने चीनी मिल, जूट मिल, पेपर मिल और अन्य कल-कारखाने बंद हुए? इससे राजस्व और रोजगार का कितना नुकसान हुआ?
  11. शिक्षा और चिकित्सा के लिए पिछले 20 सालों में बिहार के लोगों का कुल कितना पैसा दूसरे राज्यों में गया?
  12. बिहार के कुल मानव संसाधन का कितना प्रतिशत बिहार में और कितना प्रतिशत दूसरे राज्यों में काम कर रहा है?

'युवा देंगे करारा जवाब'

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इन सवालों का सामना करने और जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री इन ज्वलंत सवालों पर मुंह न छिपाएं, बल्कि सामने आकर जवाब दें। अगर वे जवाब नहीं देते हैं, तो इस चुनाव में युवा उन्हें करारा जवाब देंगे।"

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News