तमिलनाडु का जनादेश युवाओं की आवाज को दर्शाता है, राहुल गांधी का दावा
punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 08:49 PM (IST)
नेशनल डेस्क : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि तमिलनाडु का जनादेश युवाओं की उस आवाज को दर्शाता है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने टीवीके के नेता विजय को फोन पर बात करके उन्हें बधाई दी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के मुख्यमंत्रियों ममता बनर्जी तथा एमके स्टालिन से भी परिणाम को लेकर बात की।
राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''मैंने विजय से बात की और उन्हें टीवीके के शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। यह जनादेश युवाओं की उठती आवाज को दर्शाता है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है और न ही किया जाएगा।'' उन्होंने कहा, ''तमिलनाडु और पुडुचेरी के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनकी कड़ी मेहनत और समर्थन के लिए मेरा हार्दिक धन्यवाद।
मैं दोहराता हूं कि कांग्रेस पार्टी तमिलनाडु और पुडुचेरी के लोगों का संरक्षण और सेवा करना जारी रखेगी।'' पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस और तमिलनाडु में स्टालिन की पार्टी द्रमुक को हार का सामना करना पड़ा है। ये दोनों दल 'इंडिया' गठबंधन के घटक हैं।
