''BJP ने मणिपुर को आग में झोंक दिया'', कन्याकुमारी में बोले राहुल गांधी
punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 01:42 PM (IST)
नेशनल डेस्क: मणिपुर में दो मासूम बच्चों की मौत के बाद बने तनाव वाले हालातों के बीच राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की राजनीति ने एक शांतिपूर्ण राज्य को गृहयुद्ध जैसी स्थिति में धकेल दिया है। राहुल गांधी ने मणिपुर के हालातों पर दुख जताते हुए कहा, "मणिपुर जैसा शांतिपूर्ण राज्य आज जल रहा है। बीजेपी ने वहां आग लगाई है, जिसमें सैकड़ों मासूमों की जान चली गई। वहां आज भी गृहयुद्ध जैसे हालात हैं।"
यह बयान मणिपुर के ट्रोंगलाओबी अवांग लीकाई में उग्रवादी हमले में एक 5 साल के बच्चे और उसकी 5 महीने की बहन की दुखद मौत के बाद आया है। इस घटना के बाद मणिपुर में फिर से विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं और सुरक्षा बलों को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल करना पड़ा है।

तमिलनाडु और AIADMK पर किया कटाक्ष
तमिलनाडु विधानसभा चुनावों (23 अप्रैल) के प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने बीजेपी पर क्षेत्रीय दलों को नियंत्रित करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी दिल्ली से राज्यों को चलाना चाहती है। तमिलनाडु के लोग खुद अपनी सरकार चलाएं, हम इसमें यकीन रखते हैं। राहुल ने AIADMK को एक 'खोखली पार्टी' करार देते हुए कहा कि कभी गौरवशाली रही यह पार्टी अब बीजेपी के हाथों का खिलौना बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के डर से AIADMK के नेतृत्व ने बीजेपी के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।
एक भाषा, एक इतिहास का विरोध
राहुल गांधी ने बीजेपी की विचारधारा पर प्रहार करते हुए कहा कि बीजेपी चाहती है कि एक ही भाषा और एक ही परंपरा पूरे देश पर थोपी जाए, जबकि कांग्रेस हर राज्य की अपनी भाषा, संस्कृति और इतिहास के सम्मान की पक्षधर है।
