Tamil Nadu Election 2026 : शादी पर 8 ग्राम सोना... 'सुपरस्टार' विजय के 7 बड़े वादों ने बदला चुनावी माहौल
punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 01:29 PM (IST)
Tamil Nadu Election 2026 : तमिलनाडु की राजनीति में सिनेमा और सत्ता का पुराना नाता रहा है, लेकिन थलापति विजय (Thalapathy Vijay) की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में जो हलचल पैदा की है, उसने अनुभवी दिग्गजों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है। विजय पुरानी पार्टियों को पछाड़ सत्ता हासिल करने जा रहे हैं। विजय की इस दमदार एंट्री के पीछे सबसे बड़ी ताकत उनकी पार्टी का 'जन-केंद्रित' घोषणापत्र माना जा रहा है। टीवीके ने ऐसे 7 बड़े चुनावी वादे किए हैं, जो सीधे तौर पर महिलाओं, युवाओं, किसानों और छात्रों की जरूरतों को निशाना बनाते हैं।
1. छह फ्री गैस सिलेंडर
महंगाई के दौर में आम आदमी को राहत देने के लिए 'अन्नपूर्णी सुपर सिक्स स्कीम' (Annapoorani Super Six Scheme) के जरिए हर परिवार को साल में 6 LPG सिलेंडर मुफ्त देने का वादा किया गया। यह योजना सीधे तौर पर घरेलू बजट को नियंत्रित करने के उद्देश्य से लाई गई है।
2. महिलाओं के लिए 'सम्मान राशि': ₹2,500 प्रति माह
पार्टी का सबसे महत्वाकांक्षी वादा 'मधिप्पुमिगु मगलिर थिट्टम' (Madhippumigu Magalir Thittam) है। इसके तहत 60 वर्ष तक की आयु वाली परिवार की महिला मुखिया को हर महीने ₹2,500 की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया गया है।
3. शादी में मिलेगा सोना और साड़ी
भावनात्मक और सामाजिक स्तर पर जुड़ते हुए विजय ने 'अन्नन सीर थिट्टम' का वादा किया। इसके तहत राज्य की बहन-बेटियों की शादी के लिए 8 ग्राम सोना और एक सिल्क साड़ी उपहार स्वरूप देने की बात कही गई है, जो गरीब परिवारों के लिए एक बड़ा सहारा साबित हो सकता है।
4. महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा
महिलाओं की गतिशीलता और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए 'वेट्री पयनम थिट्टम' (Vettri Payanam Thittam) के तहत सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा का वादा किया गया है।
5. शिक्षा के लिए ₹15,000 की वार्षिक मदद
शिक्षा के क्षेत्र में टीवीके ने 'कामराजर कलवी उरुधि थिट्टम' पेश किया है। इसके अंतर्गत कक्षा 1 से 12 तक के प्रत्येक छात्र को हर साल ₹15,000 की आर्थिक मदद देने का संकल्प लिया गया है, ताकि गरीबी के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई बीच में न छूटे।
6. किसानों की कर्ज माफी का बड़ा ऐलान
कृषि क्षेत्र को संजीवनी देने के लिए टीवीके ने व्यापक कर्ज माफी योजना का प्रस्ताव रखा है:
छोटे किसान (5 एकड़ तक): पूरा कर्ज माफ।
अन्य किसान (5 एकड़ से अधिक): 50 प्रतिशत कर्ज माफी।
7. युवाओं को बेरोजगारी भत्ता
युवा वोटरों को साधने के लिए विजय ने बड़े भत्तों का ऐलान किया है:
ग्रेजुएट्स: ₹4,000 प्रति माह।
डिप्लोमा धारक: ₹2,500 प्रति माह।
