यौ''न उत्पीड़न केस में बुरे फंसे स्वामी चैतन्यानंद, अब बैंक खाते हुए सील, दिल्ली पुलिस ने लगाई रोक
punjabkesari.in Friday, Sep 26, 2025 - 10:25 PM (IST)

नेशनल डेस्कः दिल्ली पुलिस ने स्वयंभू धर्मगुरु स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती से जुड़ी लगभग आठ करोड़ रुपये की धनराशि के लेन-देन पर रोक लगा दी है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती पर शहर के एक संस्थान की 17 छात्राओं का यौन उत्पीड़न करने का आरोप है। उन्होंने बताया कि यह राशि 18 बैंक खातों और 28 सावधि जमा के रूप में है। जांचकर्ताओं के अनुसार, यह धनराशि सरस्वती द्वारा स्थापित एक न्यास की है, जिसे कथित तौर पर भारी दान और चंदा प्राप्त हुआ था।
पुलिस ने बताया कि खातों के जरिये लेन-देन पर रोक आरोपी के वित्तीय लेन-देन की जांच का हिस्सा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लेन-देन छिपाने के लिए अलग-अलग नामों से भी कई बैंक खातों का कथित तौर पर इस्तेमाल करता था।
2009 और 2016 में भी केस
यह पहली बार नहीं है जब चैतन्यानंद विवादों में हैं। 2009 में डिफेंस कॉलोनी पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ धोखाधड़ी और छेड़छाड़ का केस दर्ज हुआ था। 2016 में वसंत कुंज में एक छात्रा ने उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी हुई थी, लेकिन वह जमानत पर छूट गए। इस बार 32 छात्राओं के बयान दर्ज किए गए, जिनमें 17 ने यौन उत्पीड़न, अश्लील मैसेज और अनचाहे शारीरिक संपर्क की शिकायत की।
किन धाराओं पर दर्ज हुई FIR?
दिल्ली पुलिस ने 4 अगस्त 2025 को श्री शारदा पीठम के प्रशासक पी.ए. मुरली की शिकायत पर वसंत कुंज उत्तर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(2) (यौन उत्पीड़न), 79 (महिला की गरिमा भंग करने का इरादा) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत केस दर्ज हुआ। स्वामी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है, और दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और बिहार में छापेमारी चल रही है। उनकी आखिरी लोकेशन आगरा में मिली थी, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदल रहा है।