कश्मीरी गेट के पास एसयूवी की ऑटो से टक्कर; दो की मौत, 6 अन्य घायल

punjabkesari.in Friday, Nov 20, 2026 - 12:35 AM (IST)

नेशनल डेस्क : उत्तरी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में युधिष्ठिर सेतु पर एक एसयूवी और ऑटोरिक्शा की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान ऑटो चालक शाहिद अली और राजस्थान निवासी सुरेश शर्मा के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 45 वर्ष है। उनके मुताबिक, आरोपी एसयूवी चालक फिलहाल फरार है। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना 17 नवंबर की देर रात करीब डेढ़ बजे हुई। प्रारंभिक जांच से पता चला कि ऑटो-रिक्शा गलत दिशा से आ रहा था, जबकि एसयूवी कार कथित तौर पर तेज गति से चलाई जा रही थी। दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे ऑटो रिक्शा पलट गया।

पुलिस ने कहा कि दुर्घटना के बाद एसयूवी चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन फुटपाथ पर चढ़ गया और वहां सो रहे कई लोगों को टक्कर मार दी, जिससे वे घायल हो गए। ऑटो रिक्शा में चालक के अलावा दो यात्री सवार थे। चालक और फुटपाथ पर सो रहे लोगों सहित सभी आठ घायलों को पीसीआर कर्मियों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। कश्मीरी गेट थाने में शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और 125 (ए) (दूसरों के जीवन को खतरे में डालकर चोट पहुंचाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

अधिकारियों ने कहा कि शाहिद अली और शर्मा ने बुधवार शाम इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि छह अन्य घायलों को उनकी हालत स्थिर होने के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने बताया कि एसयूवी चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया और गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में उसे जमानत मिल गयी थी। पुलिस ने बताया कि दो लोगों की मौत के बाद मामले में धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) भी जोड़ दी गई है जिसके बाद आरोपी अब फरार है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News