कानपुर देहात में नदी किनारे मिला मोर्टार जैसा संदिग्ध बम, इलाके में मची दहशत
punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 02:20 PM (IST)
Kanpur Dehat Mortar Shell Found : उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले के गजनेर इलाके में आज सुबह उस समय भारी हड़कंप मच गया जब नोन नदी के किनारे एक मोर्टार शेल (संदिग्ध बम) जैसी खतरनाक वस्तु बरामद की गई। नदी के पास बम जैसी चीज दिखने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन में आया और सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके को सील कर आम लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
उन्होंने बताया कि जसवापुर गांव के पास स्थानीय लोग मछली पकड़ने के दौरान तालाब जैसे हिस्से में यह संदिग्ध वस्तु देखकर दहशत में आ गए। ग्रामीण अनिल कुमार ने इसकी सूचना पुलिस को दी जिसके बाद गजनेर थाना पुलिस और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस क्षेत्राधिकारी (अकबरपुर) संजय कुमार सिंह ने बताया कि तत्काल प्रभाव से इलाके को सील कर दिया गया और तोड़फोड़ रोधी जांच टीम (एंटी सबोटाज), बम निरोधक दस्ता तथा फोरेंसिक विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह वस्तु मोर्टार शेल जैसी प्रतीत हो रही थी हालांकि इसकी वास्तविक प्रकृति की पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही की जाएगी। एक स्थानीय युवक ने कथित तौर पर संदिग्ध वस्तु को उठाने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने तुरंत उसे रोक दिया और वस्तु को सुरक्षित स्थान पर रखवाया।
यह भी पढ़ें: Ganga Expressway पर भीषण हादसा: डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार SUV, परिवार के 3 लोगों की मौत
एक पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यह वस्तु संभावित रूप से खतरनाक हो सकती है, इसलिए लापरवाही से बचा गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) की टीम को झांसी से बुलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नारायण पांडे ने बताया कि टीम ने प्रारंभिक जांच में इसे गैर-विस्फोटक बताया है हालांकि इसकी पूरी पुष्टि विस्तृत परीक्षण के बाद ही की जाएगी।
उन्होंने कहा कि वस्तु को सुरक्षित रूप से कब्जे में ले लिया गया है और अब सुरक्षा विभाग इसकी उत्पत्ति और प्रकृति की जांच कर रहा है। यह भी पता लगाया जाएगा कि यह वस्तु सेना या किसी अन्य एजेंसी से संबंधित है या फिर किसी अन्य स्रोत से यहां पहुंची।
यह भी पढ़ें: Delhi Murder Wife: घरेलू कलह के चलते पति ने पत्नी को बेरहमी से पीटा, अस्पताल में मौत, आरोपी फरार
अपर महानिदेशक (कानपुर जोन) अनुपम कुलश्रेष्ठ ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि वस्तु को सुरक्षित रख लिया गया है और आगे की जांच प्रक्रिया जारी है। फिलहाल पुलिस ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। फोरेंसिक और तकनीकी जांच के बाद ही इस वस्तु की वास्तविक पहचान स्पष्ट हो सकेगी।
