सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी ने पीएम मोदी को किया धन्यवाद, कहा-आपने मां को बहुत आदर सम्मान दिया

punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2020 - 07:47 PM (IST)

नई दिल्लीः पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रहीं सुषमा स्वराज को उनकी पहली पुण्यतिथि पर याद किया। पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा कि उन्होंने निस्वार्थ भाव से भारत की सेवा की और वैश्विक मंच पर वह देश की मुखर आवाज थीं। पीएम के इस ट्वीट के बाद सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज ने पीएम मोदी का धन्यवाद किया। बांसुरी ने ट्वीट कर कहा कि धन्यवाद प्रधानमंत्री मोदी जी। आपने सदैव मां को बहुत आदर और सम्मान दिया।


आपको बता दें कि पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का पिछले साल 67 वर्ष की आयु में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। अपने निधन के चंद घंटे पहले सुषमा स्वराज ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 निरस्त किए जाने के लिए ट्वीट कर मोदी सरकार की सराहना की थी। अनुच्छेद 370 की वजह से जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा मिला हुआ था।

एक आदर्श भारतीय नारी का प्रतीक थीं सुषमा- वेंकैया नायडू
उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें आदर्श भारतीय नारी का प्रतीक बताया और कहा कि वह कुशल प्रशासक, लोकप्रिय नेता और उत्कृष्ट सांसद थी। नायडू ने गुरूवार को पंजाब विश्वविद्यालय में ‘सुषमा स्वराज स्मारक व्याख्यानमाला' को संबोधित करते हुए कहा कि वह एक आदर्श भारतीय नारी का प्रतीक थी। वह कुशल प्रशासक थी और उन्होंने जिन जिम्मेदारियों को वहन किया उन पर अमिट छाप छोड़ी। वह लोकप्रिय नेता थी और सात बार लोकसभा तथा तीन बार विधानसभा के लिए चुई गई। भाषा, राजनैतिक विचारों और संसदीय आदर्शों के प्रति उनकी निष्ठा के कारण ही भारत की संसद ने उन्हें उत्कृष्ट सांसद का सम्मान प्रदान किया था।

भारतीय राजनीति की बड़ी हस्ती थीं- अमित शाह
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुषमा स्वराज को उनकी पहली पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। शाह ने ट्विट संदेश में लिखा, ‘‘ सुषमा स्वराज जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि। सुषमा भारतीय राजनीति की बड़ी हस्ती थी, वह असाधारण सांसद और प्रखर वक्ता थी जिन्होंने अपना समूचा जीवन राष्ट्र की सेवा में लगा दिया। उनके आदर्श आने वाली पीढि़यों को प्रेरणा देते रहेंगे।'' उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री के अलावा केन्द्र में संसदीय मामलों, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सूचना एवं प्रसारण और विदेश मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की बागडोर संभाली।

जेपी नड्डा ने सुषमा स्वराज को बताया सरलता व सौम्यता की प्रतिमूर्ति
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने ट्वीट कर कहा, ‘‘पूर्व केंद्रीय मंत्री, सरलता व सौम्यता की प्रतिमूर्ति, मृदुभाषी एवं प्रखर वक्ता, पद्म विभूषण श्रीमती सुषमा स्वराज जी की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन।’’ सुषमा स्वराज को जन-जन की नेता बताते हुए नड्डा ने कहा कि उन्होंने सदैव जनसेवा को ही प्राथमिकता दी। राष्ट्र निर्माण में उनके द्वारा किए गए कार्य व संघर्ष अविस्मरणीय रहेंगे।

एस जयशंकर ने सुषमा को बताया अपनी ‘‘प्रेरणा’’
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने उन्हें अपनी ‘‘प्रेरणा’’ बताया और कहा ‘‘आज, पहले से कहीं ज्यादा उनकी याद आती है।’’ पिछले साल लोकसभा चुनाव में फिर से जीत दर्ज करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जयशंकर को विदेश मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी। जयशंकर 2015 से 2018 तक भारत के विदेश सचिव रहे। उस वक्त सुषमा स्वराज विदेश मंत्री थीं। 

ओम बिरला बोले- सर्वप्रिय-सर्वमान्य नेता थीं सुषमा स्वराज
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भारतीय राजनीति में उनकी पहचान सर्वप्रिय-सर्वमान्य नेता की रही। उनका सोशल-कनेक्ट अद्भुत था। उनका जीवन, कर्म व विचार हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘सुषमाजी की नेतृत्व क्षमता, सूझबूझ तथा वाकपटुता प्रभावित करती थी। संसद में उनका सम्बोधन संसदीय मर्यादाओं व परंपराओं की मिसाल पेश करता था। विदेश मंत्री रहते, विभिन्न अवसरों पर विलक्षण कूटनीति से उन्होंने देश का गौरव बढ़ाया। सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन की मदद की अनूठी पहल भी की।’’

सौम्य और सरल स्वभाव कार्यकर्ताओं को प्रेरित करेगा- ईरानी
केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। ईरानी ने गुरूवार को एक ट्वीट में कहा कि श्रीमती स्वराज का सौम्य और सरल स्वभाव कार्यकर्ताओं को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा, ‘‘ राजनीति में आदर्शवाद और शुचिता के लिए विख्यात, प्रखर वक्ता, देश की प्रथम महिला विदेश मंत्री ,आदरणीय सुषमा स्वराज जी की पुण्यतिथि पर सादर नमन। उनका सौम्य और सरल स्वाभाव, सामाजिक जीवन में सक्रिय हम सभी कार्यकर्ताओं को प्रेरित करता रहेगा।'' 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News