सुप्रीम कोर्ट आज बाइक-टैक्सी मामले पर करेगा सुनवाई, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Monday, Jun 12, 2023 - 05:26 AM (IST)

नेशनल डेस्क: उच्चतम न्यायालय दिल्ली सरकार द्वारा बाइक-टैक्सी संचालित करने वाली कंपनियों के संबंध में दायर दो याचिकाओं पर आज सुनवाई करेगा, जिसमें उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती दी गई है। उच्च न्यायालय ने रैपिडो और उबर को दोपहिया गैर-परिवहन वाहनों के संचालन पर अंतिम नीति की अधिसूचना जारी होने तक राष्ट्रीय राजधानी में संचालन की अनुमति दी थी। आम आदमी पार्टी (आप) नीत सरकार ने दिल्ली उच्च न्यायालय के 26 मई के उस आदेश को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी है।

वित्त मंत्री से मीटिंग के बाद पंजाब बंद की कॉल वापस ली
पंजाब में कल बंद नहीं होगा। एससी वर्ग के 'रिजर्वेशन चोर पकड़ो पक्का मोर्चा' ने नौकरियों के लिए फर्जी SC प्रमाण पत्र इस्तेमाल करने वालों पर कार्रवाई न होने के खिलाफ ये ऐलान किया था। जिसके लिए वे मोहाली में पक्का धरना दे रहे हैं। प्रोफेसर हरनेक सिंह की अगुआई में मोर्चे के नेताओं की वित्त मंत्री हरपाल चीमा से मीटिंग के बाद 12 जून को बंद की कॉल वापस ले ली गई।

प्रियंका गांधी आज जबलपुर में कांग्रेस के चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगी
प्रियंका गांधी वाद्रा साल के अंत में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रचार अभियान की शुरुआत सोमवार को जबलपुर से नर्मदा तट पर पूजा-अर्चना करने के बाद करेंगी। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी। जबलपुर राज्य के महाकोशल क्षेत्र का केन्द्र है और यहां आदिवासी मतदाताओं संख्या बहुत ज्यादा है। 2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने आठ जिलों के इस संभाग में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित 13 सीटों में से 11 पर जीत हासिल की जबकि शेष दो सीटों पर भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली थी।

भाजपा ने दिल्ली में केजरीवाल के खिलाफ चलाया अभियान
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास के नवीनीकरण में कथित अनियमितताओं को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधने के लिए भाजपा ने रविवार को यहां ‘‘भ्रष्टाचार के राजमहल के साथ सेल्फी'' अभियान शुरू किया। ‘‘भ्रष्टाचार के राजमहल के साथ सेल्फी' अभियान ऐसे समय में शुरू किया है, जब केजरीवाल सहित आप के नेता सेवाओं के मामलों पर दिल्ली सरकार का नियंत्रण वापस लेने वाले अध्यादेश को लेकर नरेन्द्र मोदी नीत सरकार पर निशाना साध रहे हैं।

सीएम एकनाथ शिंदे ने जम्मू-कश्मीर में भरी हुंकार
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में भारी बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के तहत पुराने सभी चुनावी रिकॉर्ड टूट जाएंगे। जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात के बाद राजभवन में पत्रकारों के एक समूह के साथ बातचीत में शिवसेना नेता शिंदे ने यह बात कही।

अपनी सरकार के भ्रष्टाचार को छिपाने का प्रयास कर रहे केजरीवाल
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया कि वे रामलीला मैदान में रैली आयोजित करके अपनी सरकार के भ्रष्टाचार को छिपाने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद मनोज तिवारी और सांसद रमेश बिधूड़ी ने कहा कि केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी अब एक ‘खास आदमी पार्टी' बन गई है।

मणिपुर हिंसा में 100 लोगों की मौत
मणिपुर सरकार ने राज्य में इंटरनेट सेवाओं पर लगी रोक की मियाद 15 जून तक बढ़ा दी है। आयुक्त (गृह) टी. रणजीत सिंह द्वारा शनिवार रात को जारी आदेश में कहा गया कि ब्रॉडबैंड सहित मोबाइल इंटरनेट सेवा को स्थगित करने का फैसला अब 15 जून अपराह्न तीन बजे तक लागू रहेगा। राज्य में जातीय हिंसा के बाद तीन मई को इंटरनेट सेवा पर रोक लगा दी गई थी।

पहला PM देखा जो SC को नहीं मानता: केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में सेवाओं पर नियंत्रण से जुड़े अध्यादेश को लेकर रविवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सबसे पहले दिल्ली पर ‘‘वार'' हुआ और अन्य राज्यों के लिए भी इसी तरह के अध्यादेश लाए जाएंगे। रामलीला मैदान में आम आदमी पार्टी (आप) की ‘महा रैली' को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि केंद्र का अध्यादेश दिल्ली के लोगों का अपमान है।

यौन उत्पीड़न के आरोपों में घिरे ब्रजभूषण का शायराना अंदाज
यौन उत्पीड़न के आरोपों के कारण देश के दिग्गज पहलवानों का राजनीति के अखाड़े में सामना कर रहे भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने रविवार को रामचरित मानस की चौपाइयों का जिक्र करते हुए कहा कि ‘‘ होइये वहीं जो रामरचि राखा।''  केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये सिंह ने शायराना अंदाज में कहा ‘‘ कभी जहर पिया जाता है।

दौसा में CM गहलोत पर सचिन पायलट ने कसा तंज
राजस्थान में कांग्रेस में चल रही सियासी कयासबाजी के बीच सचिन पायलट ने रविवार को अपने पिता राजेश पायलट की पुण्यतिथि पर दौसा के भंडाना में श्रद्धांजलि सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम की पायलट के तेवर तीखे-तीखे नजर आए। उन्होंने अशोक गहलोत पर तंज कसते हुए कहा कि जब खदानें आवंटित की गईं तो पकड़ में आने के बाद उन्हें रद्द कर दिया गया लेकिन उन्हें आवंटित कर दिया गया और किसी ने सच ही कहा है 'हर गलती सजा मांगती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News