Sunita Williams: 9 महीने बाद अंतरिक्ष से धरती लौटेंगी सुनीता विलियम्स...रिटर्न मिशन में है कई बड़े खतरे...

punjabkesari.in Tuesday, Mar 18, 2025 - 07:24 AM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुच विल्मोर मंगलवार (18 मार्च) को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से पृथ्वी के लिए रवाना होंगी। दोनों अंतरिक्ष यात्री 5 जून 2024 में बोइंग स्टारलाइनर के जरिए ISS गए थे, लेकिन यान में तकनीकी खराबी के कारण उनकी वापसी में 9 महीने की देरी हो गई। अब वे स्पेसएक्स क्रू ड्रैगन के जरिए धरती पर लौटेंगे। इस मिशन में उनके साथ निक हेग और अलेक्जेंडर गोर्बुनोव भी धरती पर लौटेंगे। लेकिन यह सफर बिना जोखिमों के नहीं होगा।
 
कैसे होगी वापसी?
-अंतरिक्ष यात्री स्पेसएक्स के क्रू ड्रैगन कैप्सूल में सवार होकर अंतरिक्ष स्टेशन से रवाना होंगे।
-पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करने के बाद कैप्सूल की गति नियंत्रित की जाएगी ताकि सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित हो।
-फ्लोरिडा के तट के पास अटलांटिक महासागर में स्प्लैशडाउन होगा, जहां रिकवरी टीम उनकी मदद के लिए तैयार रहेगी।
-यह प्रक्रिया कुल मिलाकर 17 घंटे तक चल सकती है।

 क्या हैं इस मिशन के प्रमुख जोखिम?
स्पेसक्राफ्ट का एंगल बदला तो बड़ा खतरा का डर है। जब कैप्सूल पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करेगा, तब उसका एंगल बेहद सटीक होना जरूरी होगा। यदि एंगल बहुत तीखा हुआ, तो कैप्सूल में आग लग सकती है, जिससे यात्रियों की जान को खतरा हो सकता है। यदि एंगल बहुत उथला हुआ, तो कैप्सूल वायुमंडल से टकराकर वापस अंतरिक्ष में लौट सकता है, जिससे मिशन जटिल हो जाएगा।

 थ्रस्टर्स फेल हुए तो क्या होगा?
ड्रैगन कैप्सूल में 16 ड्रैको थ्रस्टर्स लगे होते हैं, जो इसे नियंत्रित रखते हैं। अगर इनमें से कोई थ्रस्टर फेल हो गया, तो कैप्सूल का नियंत्रण बिगड़ सकता है और वह अंतरिक्ष में भटक सकता है। ऐसी स्थिति में सीमित ऑक्सीजन और ऊर्जा आपूर्ति के कारण अंतरिक्ष यात्रियों के पास बहुत कम समय रहेगा।

अगर कोई पैराशूट सही समय पर नहीं खुला, तो...
जब कैप्सूल पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करेगा, तब इसकी रफ्तार नियंत्रित करने के लिए 6 पैराशूट्स खुलेंगे। अगर कोई पैराशूट सही समय पर नहीं खुला, तो लैंडिंग खतरनाक हो सकती है और यात्रियों को चोट लग सकती है।

अब तक 49 मिशन पूरे कर चुका ड्रैगन कैप्सूल 
स्पेसएक्स का क्रू ड्रैगन कैप्सूल अब तक 49 मिशन पूरे कर चुका है और 29 रीफ्लाइट्स सफलतापूर्वक कर चुका है। इसकी सुरक्षा को लेकर नासा और spacex पूरी तरह आश्वस्त हैं। हालांकि, हर अंतरिक्ष मिशन के साथ कुछ जोखिम जुड़े रहते हैं।

वहीं अब नासा और स्पेसएक्स की टीम इस मिशन को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी में जुटी हुई है। अगर सब कुछ योजना के अनुसार हुआ, तो सुनीता विलियम्स और उनकी टीम 18 मार्च को रवाना होकर 19 मार्च की सुबह तक धरती पर सुरक्षित लौट आएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News