पंजाब में AAP की बंपर की जीत से गदगद हुईं केजरीवाल की पत्नी, ट्विट कर कहा- ''चक दे पंजाब''
punjabkesari.in Thursday, Mar 10, 2022 - 04:37 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की बंपर जीत ने पूरे देश की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। पंजाब में आप पार्टी को मिली इस प्रचंड जीत पर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने भी अपनी खुशी जाहिर की। पार्टी की मजबूत स्थिति से गदगद हुई सुनीता केजरीवाल ने ट्वीटकर पंजाब के लोगों को धन्यवाद किया।
उन्होंने लिखा "चक दे पंजाब"। सुनीता के इस ट्वीट पर उन्हें बधाई देने वालों का भी तांता लग गया है। लोग उन्हें जीत की बधाई दे रहे हैं। बता दें कि पंजाब चुनाव के दौरान सुनिता केजरीवाल ने भगवंत मान के लिए चुनाव प्रचार भी किया था। इस दौरान उनकी बेटी भी उनके साथ चुनाव प्रचार में गईं थी। सुनीता ने भगवंत को अपना देवर बताते हुए लोगों से उनके समर्थन में वोट करने की अपील की थी।
वहीं इससे पहले आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन को ‘‘इंकलाब'' बताते हुए कहा कि इतने बड़े जनादेश के साथ लोगों ने कहा है कि केजरीवाल आतंकवादी नहीं है। उन्होंने कहा कि सबसे पहले यह इंकबाल दिल्ली में हुआ, फिर पंजाब में और अब पूरे देश में होगा। गौरतलब है कि पंजाब विधानसभा चुनाव में मतगणना के रुझानों के अनुसार आप राज्य में सरकार बनाती दिख रही है और वह 117 सीटों में से 91 पर आगे चल रही है। केजरीवाल ने यहां पार्टी मुख्यालय में आप नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक नया भारत बनाएंगे, जहां नफरत की कोई जगह नहीं होगी। उन्होंने विधानसभा चुनावों में आप को ‘‘गौरवशाली जीत'' के रास्ते पर ले जाने के लिए मतदाताओं को बधाई दी और कहा कि उन्होंने राजनीतिक दिग्गजों को धूल चटा दी है।