गणेश विसर्जन ड्यूटी पर तैनात सब-इंस्पेक्टर की सड़क हादसे में मौत, वाहन चालक फरार
punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2026 - 02:23 PM (IST)
हैदराबाद: हैदराबाद में भगवान गणेश की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए ड्यूटी पर तैनात 57 वर्षीय पुलिस उपनिरीक्षक की दोपहिया वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना मंगलवार तड़के करीब तीन बजे हुई, जब उपनिरीक्षक सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान दोपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। हादसे के बाद कोठागुडेम टू टाउन थाने में तैनात उपनिरीक्षक को वारंगल ले जाया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार शाम वारंगल के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने चोटों के चलते दम तोड़ दिया।
घटना के वीडियो फुटेज में दिखाई दे रहा है कि सड़क पार करते समय एक दोपहिया वाहन ने उपनिरीक्षक को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद दोपहिया वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद दोपहिया वाहन चालक फरार हो गया। इस संबंध में सैफाबाद थाने में मामला दर्ज किया गया है।
