भारत में इस जगह महसूस किए गए भूकंप के जोरदार झटके, डरे-सहमे लोग घरों से बाहर भागे
punjabkesari.in Sunday, Nov 09, 2025 - 02:00 PM (IST)
नेशनल डेस्क : अंडमान के पास समुद्र में शनिवार दोपहर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.4 मापी गई है। भूकंप का केंद्र समुद्र की सतह से करीब 90 किलोमीटर की गहराई में था। यह झटके दोपहर 12 बजकर 6 मिनट पर महसूस किए गए। लोग काफी डर गए थे लेकिन राहत की बात यह है कि अभी तक किसी तरह के नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
क्यों आता है भूकंप?
भूकंप तब आता है जब धरती के अंदर मौजूद टेक्टोनिक प्लेट्स आपस में टकराती या खिसकती हैं। पृथ्वी की सतह के नीचे 7 बड़ी टेक्टोनिक प्लेट्स होती हैं जो लगातार हलचल में रहती हैं। जब इनमें तनाव बढ़ता है और ऊर्जा एक जगह इकट्ठा होकर अचानक निकलती है, तो धरती हिलने लगती है, जिसे भूकंप कहा जाता है। इसका असर कई बार मामूली होता है, लेकिन अधिक तीव्रता होने पर बड़ी तबाही मचा सकता है।
भारत में भूकंप के खतरे वाले इलाके
भूगर्भ वैज्ञानिकों के अनुसार, भारत का लगभग 59% हिस्सा भूकंप के लिहाज से संवेदनशील है। देश को चार जोन में बांटा गया है -
- जोन-5: सबसे ज्यादा संवेदनशील क्षेत्र
- जोन-4: उच्च खतरे वाला क्षेत्र
- जोन-3: मध्यम खतरे वाला क्षेत्र
- जोन-2: अपेक्षाकृत कम खतरे वाला क्षेत्र
दिल्ली जोन-4 में आती है, जबकि हिमालय क्षेत्र, उत्तर-पूर्वी राज्य, कच्छ और अंडमान-निकोबार जोन-5 में शामिल हैं, जहां भूकंप का जोखिम सबसे अधिक रहता है।
रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता
- 4 से 4.9: हल्का कंपन, घर का सामान हिल सकता है
- 5 से 5.9: भारी वस्तुएं भी हिलती हैं
- 6 से 6.9: इमारत की दीवारों में दरारें
- 7 से 7.9: इमारतें गिरने लगती हैं
- 8 से ऊपर: सुनामी और बड़े पैमाने पर तबाही
अंडमान क्षेत्र समुद्री फॉल्ट लाइन के करीब होने की वजह से यहां भूकंप की गतिविधियां अक्सर दर्ज की जाती हैं। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
