ओडिशा कांग्रेस को झटका: श्रीकांत जेना ने सभी पदों से दिया इस्तीफा

punjabkesari.in Sunday, Dec 09, 2018 - 08:26 PM (IST)

भुवनेश्वर : पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्रीकांत जेना ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। जेना ने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर प्रदेश कार्यसमिति और चुनाव समिति से अपना इस्तीफा भी दे दिया। दरअसल राहुल गांधी की ओर से जेना को ओडिशा प्रदेश कांग्रेस के चुनाव घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष पद से हटाकर उनके स्थान पर पूर्व मंत्री गहेश्वर बेहरा को नियुक्त किए जाने के बाद जेना ने यह कदम उठाया है। वह पार्टी अध्यक्ष के निर्णय को लेकर खासे नाराज बताए जाते हैं।

चुनाव घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष पद से जेना को हटाने के अगले ही दिन उन्होंने इसपर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि वह अपने प्रस्तावों पर ‘जनमतसंग्रह’ कराने के उद्देश्य से राज्य के विभिन्न इलाकों का दौरा करेंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने सुझाव दिया है कि यदि 2019 में होने वाले विधान सभा चुनाव में कांग्रेस जीतती है तो पार्टी को स्थापना काल से जुड़े अनुसूचित जाति/जनताति, एसईबीसी और अल्पसंख्यक समुदायों का एक मुख्यमंत्री और दो उप मुख्यमंत्री बनाना चाहिए।

जेना ने कहा कि कांग्रेस को दलितों का विश्वास जीतने के प्रस्तावों को स्वीकार करने की जरूरत है और आने वाले चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और बीजू जनता दल दोनों को ही सत्ता से बाहर रखने के प्रयास करने होंगे। कांग्रेस नेता ने पार्टी की अनुशासनात्मक समिति के अध्यक्ष हेमंदाना बिस्वाल के उस कथन पर गहरा ऐतराज व्यक्त किया जिसमें उन्होंने कहा कि अगर वह अपने रास्ते में सुधार नहीं करेंगे तो उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया जाएगा।

जेना ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी पार्टी विरोधी गतिविधि में शामिल नहीं हैं बल्कि पार्टी को मजबूत करने के लिए अनुसूचित जाति / अनुसूचित जनजाति और दलितों के मुद्दे को उठाने को कतई अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधि नहीं ठहराया जा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

shukdev

Recommended News

Related News