गतिमान एक्सप्रेस का बढ़ा रूट, अब ग्वालियर, झांसी तक कर सकेंगे यात्रा

punjabkesari.in Tuesday, Feb 20, 2018 - 09:38 PM (IST)

भोपाल: देश की सबसे तेज दौड़ने वाली रेलगाड़ी गतिमान एक्सप्रेस के रूट में अब इजाफा कर दिया गया है। पहले ये ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से आगरा तक चलती थी। अब यह गाड़ी हजरत निजामुद्दीन से चलकर ग्वालियर तक का सफर तय करेगी। फरवरी से यह ग्वालियर तक जाएगी। अप्रैल में इसका रूट बढ़ाकर झांसी जंक्शन तक कर दिया जाएगा।

कम होगी गतिमान एक्सप्रेस की स्पीड
इस समय दिल्ली से लेकर आगरा कैंट तक इस गाड़ी की स्पीड 160 किमी प्रति घंटा है। वहीं आगरा के बाद ग्वालियर और झांसी तक इसकी गति में कमी आ जाएगी, आगरा से आगे जाने पर गाड़ी की स्पीड 130 किमी प्रति घंटा हो जाएगी। यह जानकारी रेलवे की ओर से जारी प्रेस रिलीज में दी गई है, प्रेस रिलीज के अनुसार 19 फरवरी से ट्रेन संख्या 12049/50 हजरत निजामुद्दीन- आगरा कैंट गतिमान एक्सप्रेस ग्वालियर तक जाएगी। शुक्रवार के अतिरिक्त ट्रेन हफ्ते में 6 दिन दौडेगी।

रेलवे ने जारी किया नया टाइम-टेबल
रेलवे ने इस बाबत नया टाइम-टेबल जारी कर दिया है, नए टाइम-टेबल के मुताबिक ट्रेन सुबह 8:10 बजे पर हजरत निजामुद्दीन से छूटेगी और 9:50 बजे पर आगरा कैंट पहुंचेगी। यहां पर ट्रेन 5 मिनट तक रुकेगी उसके बाद 9:55 बजे ग्वालियर के लिए रवाना हो जाएगी। गतिमान एक्सप्रेस का ग्वालियर पहुंचने का समय 11:25 बजे निर्धारित किया गया है। वहीं शाम को वापसी में ट्रेन 4:15 बजे ग्वालियर से चलकर 17:45 बजे आगरा पहुंचेगी।17:50 बजे आगरा से चलकर शाम 19:30 पर हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News