कोएल मल्लिक के इस्तीफे के बाद बढ़ीं अटकलें, क्या कुलदीप मैती होंगे संभावित प्रत्याशी?
punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 07:48 PM (IST)
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब तृणमूल कांग्रेस (TMC) की राज्यसभा सांसद और अभिनेत्री से नेता बनीं कोयल मल्लिक ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे के बाद राज्यसभा की एक सीट रिक्त हो गई है। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी से हाल के दिनों में लगातार नेताओं के अलग होने के बीच कोयल मल्लिक का इस्तीफा टीएमसी के लिए एक और बड़ा झटका माना जा रहा है। कोयल मल्लिक ने उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपा। न्यूज़ एजेंसी ANI ने भी सूत्रों के हवाले से इस घटनाक्रम की पुष्टि की है। हालांकि, इस्तीफे के पीछे की आधिकारिक वजह फिलहाल सामने नहीं आई है।
बीजेपी के संभावित उम्मीदवार को लेकर चर्चाएं तेज
कोयल मल्लिक के इस्तीफे के बाद खाली हुई राज्यसभा सीट को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सूत्रों का दावा है कि भारतीय जनता पार्टी इस सीट पर किसी नए चेहरे को मौका देने पर विचार कर सकती है। इस बीच समाजसेवी और जनप्रिय चेहरा माने जाने वाले कुलदीप मैती का नाम संभावित उम्मीदवारों में प्रमुखता से लिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कुलदीप मैती लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़े हुए हैं और कई क्षेत्रों में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। उनके नाम की चर्चा से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है। हालांकि, भाजपा की ओर से अभी तक किसी भी उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि शीर्ष नेतृत्व जल्द ही अंतिम फैसला ले सकता है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कुलदीप मैती को प्रत्याशी बनाए जाने से पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और संगठन को नया विस्तार मिलेगा।
राजनीतिक समीकरणों पर रहेगी नजर
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कोयल मल्लिक का इस्तीफा केवल एक संसदीय सीट खाली होने का मामला नहीं है, बल्कि यह पश्चिम बंगाल की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों का संकेत भी माना जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि राज्यसभा की खाली सीट पर किसे उम्मीदवार बनाया जाता है और आने वाले दिनों में टीएमसी तथा भाजपा की रणनीति किस दिशा में आगे बढ़ती है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि शीर्ष नेतृत्व जल्द ही इस सीट के लिए प्रत्याशी के नाम पर अंतिम निर्णय लेगा।
