बेटे ने मां पर चाकू से किया वार, फिर 5वीं मंजिल से लगाई छलांग... जानिए खौफनाक कदम उठाने की वजह

punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 07:51 PM (IST)

नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित राधा स्काई गाडर्न सोसायटी में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। मां के साथ हुए विवाद के बाद 21 वर्षीय युवक ने पहले अपनी मां पर चाकू से हमला कर दिया और फिर बहुमंजिला इमारत से छलांग लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया।

पुलिस ने शनिवार को घटना के संबंध में जानकारी दी और बताया कि,घटना की सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सागर यादव (21) पुत्र अनिल यादव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम पतवाड़ी का निवासी था और वर्तमान में अपने माता-पिता तथा छोटे भाई के साथ राधा स्काई गाडर्न सोसायटी के टावर-एक स्थित फ्लैट नंबर-1804 में रहता था।

पुलिस द्वारा जांच किए जाने पर पता चला कि किसी बात को लेकर सागर यादव की अपनी मां से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर उसने कथित तौर पर अपनी मां पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं। घटना के बाद सागर फ्लैट से बाहर निकला और 18वीं मंजिल से नीचे आकर पांचवीं मंजिल के क्षेत्र से नीचे छलांग लगा दी।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि सागर यादव मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं था और पिछले कुछ समय से मानसिक समस्याओं से जूझ रहा था। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमाटर्म कराया है। बिसरख थाना पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कारर्वाई की जा रही है तथा सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं घटना के बाद सोसायटी में रहने वाले लोगों में भी चर्चा और शोक का माहौल है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News