Jagannath Yatra Puri: किसी को आई उल्टी-कोई हुआ बेहोश, पुरी रथ यात्रा के दौरान 600 से अधिक लोगों की बिगड़ी तबीयत

punjabkesari.in Saturday, Jun 28, 2025 - 06:05 AM (IST)

पुरीः ओडिशा के पुरी में शुक्रवार को आयोजित विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा के दौरान भीषण गर्मी और भीड़भाड़ के कारण करीब 625 लोग बीमार पड़ गए और कई लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

पुरी के मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी (सीडीएमओ) डॉ. किशोर सतपथी ने बताया कि कई लोगों ने मामूली चोटें, उल्टी और बेहोशी की शिकायत की है और इसका मुख्य कारण भीड़भाड़ की स्थिति थी। उन्होंने कहा, ‘‘अधिकांश लोगों को ओपीडी में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। कोई हताहत नहीं हुआ।'' 

ओडिशा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मुकेश महालिंग ने कहा कि श्रद्धालुओं के बीमार होने का मुख्य कारण अत्यधिक गर्मी और उमस है। एक अधिकारी ने बताया कि पुरी के जिला मुख्यालय अस्पताल में करीब 70 लोगों का इलाज चल रहा है, जिनमें से नौ की हालत गंभीर बताई गई है। इस बीच, सूत्रों ने दावा किया कि बालागंडी क्षेत्र के पास कई लोग घायल हो गए, जहां भगवान बलभद्र का रथ, तलध्वज, एक घंटे से अधिक समय तक फंसा रहा। 

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘लंबे समय तक रथ के रुके रहने के कारण वहां भीड़ जमा हो गई, जिसके परिणामस्वरूप कई लोग फंस गए और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र से बाहर निकलने की कोशिश करते समय घायल हो गए।'


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News