फरवरी में मौसम ने बदले तेवर, इन जगहों पर बर्फबारी से मिल सकती है गर्मी में राहत

punjabkesari.in Wednesday, Feb 26, 2025 - 11:32 AM (IST)

नेशनल डेस्क:  देशभर में इस वक्त मौसम में बदलाव हो रहा है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। वहीं, कुछ मैदानी इलाकों में बारिश हो रही है, जबकि कुछ इलाकों में तापमान बढ़ रहा है। IMD ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले तीन दिन तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।

गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्मी बढ़ने का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने गुजरात में 25 से 27 फरवरी तक लू का येलो अलर्ट जारी किया है। कर्नाटका के कुछ इलाकों में भी हीटवेव की चेतावनी दी गई है और यहां तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। केरल के कन्नूर में सोमवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर था। दिल्ली और यूपी में 26 से 28 फरवरी के बीच बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।

 दिल्ली और यूपी में बारिश की संभावना

IMD के अनुसार, मुंबई में अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे गर्मी बढ़ सकती है। सोमवार को मुंबई में 38.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो पिछले पांच सालों में फरवरी का सबसे ज्यादा तापमान था। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के कुछ जिलों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।

मध्य प्रदेश में मौसम में बदलाव हो रहा है और तापमान में एक बार फिर से बढ़ोतरी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान 2-3 डिग्री तक और बढ़ सकता है।

दिल्ली में 26 से 28 फरवरी तक हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में 1-2 डिग्री की गिरावट हो सकती है। मार्च के पहले तीन दिनों में भी बादल रहने की संभावना है। यूपी में 27 फरवरी को कई इलाकों में बारिश हो सकती है, जबकि नोएडा और गाजियाबाद समेत कई जिलों में कल बारिश का अनुमान है। हरियाणा और पंजाब में मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया।

PunjabKesari

बर्फबारी का अलर्ट:

जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो रही है, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल प्रदेश में 26 से 28 फरवरी तक कई इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जिसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, तीन मार्च तक बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया गया है। उत्तराखंड के चार जिलों में आज हल्की बारिश की संभावना है, और 3200 मीटर या उससे ऊंची जगहों पर बर्फबारी हो सकती है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News