शिंदे ने पटोले पर किया पलटवार, कहा- कांग्रेस को भ्रष्टाचार पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं

punjabkesari.in Sunday, Jul 07, 2024 - 04:32 PM (IST)

नेशनल डेस्क : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने के लिए कांग्रेस की आलोचना की। शिंदे ने कहा कि देश की जनता 2004 से 2014 के बीच कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान हुए कई घोटालों से अवगत है। शिंदे ने नागपुर हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, "कांग्रेस को भ्रष्टाचार पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। हमने कोयला आवंटन, राष्ट्रमंडल खेल, अगस्ता हेलीकॉप्टर खरीद आदि में घोटाले देखे हैं।

कांग्रेस का शासन ‘कट', ‘कमीशन' और भ्रष्टाचार पर आधारित था।" वह कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख नाना पटोले के उस कथित बयान का जवाब दे रहे थे, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भ्रष्ट लोगों का नेता बताया था। पटोले का यह बयान कथित तौर पर मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) द्वारा शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के मुंबई उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट से नवनिर्वाचित सांसद रवींद्र वायकर को जोगेश्वरी लक्जरी होटल मामले में क्लीन चिट दिए जाने के संबंध में आया है।

शिंदे ने यह भी विश्वास जताया कि महायुति (सत्तारूढ़ गठबंधन जिसमें भाजपा, शिवसेना और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) शामिल है) महाराष्ट्र विधान परिषद की 11 सीट में से नौ पर जीत हासिल करेगी, जिसके लिए 12 जुलाई को चुनाव होने हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News