पंचतत्व में विलीन हुईं दिल्ली की पूर्व CM शीला दीक्षित, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

punjabkesari.in Sunday, Jul 21, 2019 - 05:49 PM (IST)

नई दिल्लीः दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का रविवार को राजकीय सम्मान के साथ निगमबोध घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा समेत सभी राजनीतिक दलों के कई बड़े नेता मौजूद रहे। गृह मंत्री अमित शाह भी निगम बोध घाट पर दीक्षित के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पहुंचे।
PunjabKesari
वहीं शीला दीक्षित के अंतिम संस्कार से पहले दिल्ली में काफी तेज बारिश हुई। इससे पहले उनका पार्थिव शरीर रविवार को कांग्रेस मुख्यालय लाया गया। शीला दीक्षित की अंतिम विदाई के समय समर्थकों ने ‘जब तक सूरज चांद रहेगा शीला जी का नाम रहेगा' के नारे लगाए।

PunjabKesari
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, अहमद पटेल और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तथा कमलनाथ समेत कई शीर्ष कांग्रेस नेताओं ने कांग्रेस कार्यालय में दीक्षित को श्रद्धांजलि दी। इससे पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता एल के आडवाणी और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, दीक्षित के आवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी। ज्यादातर लोग राष्ट्रीय राजधानी की मुख्यमंत्री के तौर पर 15 साल के उनके कार्यकाल के दौरान दीक्षित से जुड़े रहे थे। उल्लेखनीय है कि लगातार डेढ़ दशक तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं और मौजूदा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित के एस्कॉर्ट अस्पताल में निधन की खबर जैसे ही शनिवार को आई, दिल्ली में शोक की लहर दौड़ गई। उनके परिवार में पुत्र संदीप दीक्षित और पुत्री लतिका दीक्षित हैं।
PunjabKesari
दीक्षित पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थीं। तबियत खराब होने पर उन्हें पिछले दिनों अस्पताल में भर्ती कराया गया था और ठीक होने पर उन्हें सोमवार को छुट्टी मिल गई थी।शनिवार सुबह उन्हें घर पर दिल का दौरा पड़ा जिसके बाद उन्हें फोटिर्स एस्कॉर्ट हार्ट इंस्टीट्यूट ले जाया गया। अस्पताल के बयान के अनुसार दीक्षित को सुबह दिल का दौरा पड़ने पर गंभीर स्थिति में अस्पताल लाया गया था। उन्होंने दोपहर 3 बजकर 55 मिनट पर अंतिम सांस ली।
PunjabKesari
दिल्ली में 2 दिन का राजकीय शोक
दिल्ली सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन पर राष्ट्रीय राजधानी में दो दिन के शोक की घोषणा की है। दिल्ली की तीन बार मुख्यमंत्री रहीं दीक्षित का शनिवार को यहां एक निजी अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 81 वर्ष की थीं। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित जी के सम्मान में दो दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।'' दीक्षित के निधन के मद्देनजर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री ने शनिवार को जम्मू कश्मीर में वैष्णो देवी मंदिर की अपनी प्रस्तावित यात्रा को रद्द कर दिया।
PunjabKesari
अंतिम दर्शनों के लिए पीएम मोदी, सोनिया गांधी समेत कई नेता पहुंचे
शीला दीक्षित का पार्थिव शरीर लोगों के दर्शनार्थ उनके निजामुद्दीन स्थित आवास पर रखा गया है जहां बड़ी संख्या में विभिन्न दलों के नेताओं और अन्य लोगों का उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए तांता लगा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, दिल्ली के डेप्युटी सीएम मनीष सिसोदिया, यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया, दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष मनोज तिवारी समेत कई दिग्गज नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
PunjabKesari
बता दें कि दीक्षित वर्ष 1998 से 2013 तक पंद्रह वर्ष दिल्ली की मुख्यमंत्री रही लेकिन वर्ष 2013 में वह मौजूदा मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल से नयी दिल्ली विधानसभा सीट से चुनाव हार गई थीं। उन्होंने आठवीं लोकसभा में उत्तर प्रदेश की कन्नौज सीट का प्रतिनिधित्व भी किया था और केन्द्र में मंत्री रही थी। गत मई में हुए सत्रहवीं लोकसभा के चुनाव में वह उत्तरी पूर्वी दिल्ली सीट से कांग्रेस की उम्मीदवार थी लेकिन जीत नहीं पाईं। उन्हें गत जनवरी में फिर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

PunjabKesari
PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News