Shefali Jariwala के पति पराग का सनसनीखेज दावा: बताई चौंकाने वाली बात, कहा- 'किसी ने मेरी पत्नी पर...'
punjabkesari.in Sunday, Jan 18, 2026 - 11:28 AM (IST)
Shefali Jariwala Death: कांटा लगा गर्ल और बिग बॉस 13 फेम शेफाली जरीवाला के असामयिक निधन ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया था। अब उनकी मौत के महीनों बाद उनके पति और अभिनेता पराग त्यागी ने एक ऐसा दावा किया है जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। पराग का आरोप है कि शेफाली की मौत प्राकृतिक नहीं थी बल्कि उन पर काला जादू (Black Magic) किया गया था।
पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में छलका दर्द
हाल ही में बिग बॉस फेम पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान पराग त्यागी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि वह आज भी अपनी पत्नी की यादों के सहारे जी रहे हैं लेकिन उनकी मौत के पीछे की सच्चाई कुछ और है। जहां भगवान हैं वहां शैतान भी है। आज के समय में लोग अपने दुख से उतने दुखी नहीं हैं जितने दूसरों के सुख से हैं। मुझे पूरा यकीन है कि शेफाली पर काला जादू किया गया था। पराग ने दावा किया कि शेफाली के साथ ऐसा दो बार हुआ। पहली बार वे बच गई थीं लेकिन इस बार नकारात्मक शक्तियां बहुत ज्यादा हावी थीं।
मुझे टच करके महसूस होता था कि कुछ गड़बड़ है
पराग ने पॉडकास्ट में बताया कि वे शेफाली की स्थिति को देखकर समझ जाते थे कि कुछ ठीक नहीं है। पराग के अनुसार शेफाली बहुत खुशमिजाज थीं लेकिन अचानक उनके व्यवहार और शरीर में बदलाव महसूस होने लगते थे। पराग ने बताया कि उन्होंने स्थिति बिगड़ते देख घर में विशेष पूजा भी कराई थी लेकिन वे उसे बचा नहीं सके। उन्होंने कहा, "जब मैं पूजा में बैठता था, तो मुझे स्पष्ट महसूस होता था कि कोई बाहरी शक्ति उन्हें परेशान कर रही है।" हालांकि पराग ने शक जताया कि उन्हें पता है कि यह किसने किया होगा लेकिन उन्होंने सार्वजनिक रूप से किसी का नाम लेने से इनकार कर दिया।
कांटा लगा से जीता था करोड़ों का दिल
बता दें कि शेफाली जरीवाला का निधन पिछले साल 27 जून को कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा) पड़ने से हुआ था। शेफाली को 2000 के दशक के मशहूर म्यूजिक वीडियो 'कांटा लगा' से रातों-रात शोहरत मिली थी। वे 'नच बलिए' और 'बिग बॉस 13' जैसे रियलिटी शोज का भी हिस्सा रहीं जहां दर्शकों ने उन्हें खूब पसंद किया।



