गुपचुप शादी अटेंड करने लाहौर पहुंच गए शत्रुघ्न सिन्हा, Video देख भड़के लोग
punjabkesari.in Friday, Feb 21, 2020 - 12:53 PM (IST)
नेशनल डेस्क: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद और गुजरे जमाने के सिने कलाकार शत्रुघ्न सिन्हा का विवादों से पुराना नाता है। वह अपने बयानों को लेकर चर्चा में बने रहते हैं। अब उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे लेकर नया विवाद पैदा हो सकता है। दरअसल सिन्हा पाकिस्तान के लाहौर में एक शादी में शरीक होने पहुंचे, जिन्हे देख लोग हैरान रह गए।
जानकारी के अनुसार सिन्हा पाकिस्तानी कारोबारी असद अहसन के बेटे की शादी में शिरकत के लिए लाहौर पहुंचे थे। खबरों की मानें तो वह दो दिन के लिए पाकिस्तान आए हैं और वह यहां कुछ राजनेताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं, हालांकि उनके पाकिस्तान जाने को लेकर कांग्रेस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। पाकिस्तान मीडिया द्वारा जारी किए गए वीडियो में सिन्हा, पाकिस्तानी अदाकारा रीमा खान के साथ नजर आ रहे हैं।
पाकिस्तानी मीडिया ने सिन्हा की तारीफ करते हुए कहा कि विवाह समारोह में मौजूद लोग उस वक्त चौंक गए जब उन्होंने अपने बीच सिन्हा को पाया, दोनों देशों के बीच जारी तनाव के बीच, सिन्हा की मौजूदगी से उन्हें सुखद आश्चर्य हुआ है। जहां पाक के लोग उनका वहां पहुंचने से खुश हैं तों वहीं भारतीय इससे नाराज दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग सिन्हा को जमकर ट्रोल कर रहे हैं। कोई उन्हें देशद्रोही बता रहा है तो कोई उन्हें गंदी राजनीति करने वाला बोल रहा है।