Seema Anand ने पुरुषों को दिए वो 5 मंत्र, जो हर बीवी या गर्लफ्रेंड को कर देंगे खुश, जानें क्या?

punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 04:21 PM (IST)

Seema Anand Relationship Tips : अक्सर पुरुष इस बात को लेकर उलझन में रहते हैं कि अपनी पार्टनर को कैसे खुश रखा जाए। कभी-कभी महंगे गिफ्ट्स भी वो जादू नहीं कर पाते जो छोटी-छोटी बातें कर देती हैं। मशहूर रिलेशनशिप कोच और राइटर सीमा आनंद ने रणवीर इलाहाबादिया के साथ एक पॉडकास्ट में पुरुषों के लिए 5 ऐसे गोल्डन रूल्स बताए हैं जो किसी भी रिश्ते को बोरिंग से शानदार बना सकते हैं।

आइए जानते हैं सीमा आनंद के वो 5 टिप्स:

1. वह आपसे अलग है, उसे स्वीकार करें

सीमा आनंद का कहना है कि पुरुषों की सबसे बड़ी गलती यह है कि वे अपनी पार्टनर को अपने जैसा बनाना चाहते हैं। आपको समझना होगा कि हर व्यक्ति का पालन-पोषण और सोचने का तरीका अलग होता है। अपनी पार्टनर को अपनी तरह ढालने के बजाय इस बात को समझने में वक्त लगाएं कि वह आपसे अलग कैसे है। जब आप इन अंतरों का सम्मान करेंगे तभी आप उनके करीब आ पाएंगे।

2. झुकना कमजोरी नहीं, फायदे का सौदा है

आजकल के युवाओं में अक्सर ईगो आड़े आ जाता है। उन्हें लगता है कि पार्टनर की बात मानना या झगड़े में झुकना उनकी कमजोरी है। सीमा आनंद कहती हैं रिश्ते में झुकना हार नहीं बल्कि एक बेहतर निवेश (Investment) है। अगर रिश्ता अच्छा चलेगा तो मानसिक शांति आपको ही मिलेगी। दोस्तों की बातों में आकर अपने रिश्ते को दांव पर न लगाएं।

3. मैसेजिंग की ताकत का इस्तेमाल करें

पुरुष अक्सर आमने-सामने अपनी भावनाएं जाहिर करने में झिझकते हैं। ऐसे में व्हाट्सएप या टेक्स्ट मैसेज किसी वरदान से कम नहीं हैं। सीमा आनंद के अनुसार महिलाएं मैसेज की डिटेलिंग पर बहुत ध्यान देती हैं। वे कहती हैं "मैसेज के जरिए अपनी पार्टनर के साथ फ्लर्ट करें और उन्हें अपनी फीलिंग्स बताएं।" लिखकर कही गई बातें अक्सर दिल पर गहरा असर करती हैं।

4. अच्छे कन्वर्सेशनलिस्ट बनें

अक्सर घर लौटने पर पार्टनर जब पूछती है कि 'दिन कैसा रहा?', तो पुरुषों का जवाब होता है- 'ठीक था' या 'कुछ खास नहीं'। यहीं से बोरियत शुरू होती है। सीमा आनंद सलाह देती हैं कि पुरुषों को नए-नए विषयों में रुचि लेनी चाहिए ताकि उनके पास शेयर करने के लिए दिलचस्प बातें हों। जब बातचीत में गहराई होगी तो रिश्ता कभी फीका नहीं पड़ेगा।

5. अंदाजा न लगाएं, सीधे सवाल पूछें 

रिश्तों में दरार तब आती है जब हम मन ही मन अंदाजा लगाने लगते हैं कि "शायद वह ऐसा सोच रही है।" सीमा आनंद के मुताबिक, 'अजम्पशन' यानी कयास लगाना बंद करें और सीधा संवाद (Communication) करें। अगर कोई समस्या है, तो शांति और धैर्य के साथ बात करें। आधे से ज्यादा मसले सिर्फ तसल्ली से बात करने से हल हो जाते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News