सड़क पर अचानक खुले कार के दरवाज़े से टकराया स्कूटर सवार, बस के कुचलने से गई जान

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 04:45 PM (IST)

नेशनल डेस्क। दिल्ली के उत्तम नगर पश्चिम मेट्रो स्टेशन के पास एक कार का दरवाजा अचानक खुल गया और इससे टकराकर स्कूटर सवार एक व्यक्ति सड़क पर गिर पड़ा। इसी बीच पीछे से आ रही डीटीसी बस ने उसे कुचल दिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि कार सवार एक व्यक्ति ने बेचैनी की शिकायत के बाद वॉशरूम जाने के लिए गाड़ी को रोकने का अनुरोध किया था जिसके बाद कार सड़क की बाईं ओर रुकी थी। 

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "शख्स ने कार का दाहिनी ओर का पिछला दरवाजा खोला। उसी समय पीछे से आ रहे एक स्कूटर सवार की टक्कर कार के दरवाजे से हो गई।" द्वारका के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अंकित सिंह ने एक बयान में कहा कि टक्कर के बाद स्कूटर सवार सड़क पर गिर गया और पीछे से आ रही ‍डीटीसी बस ने उसे कुचल दिया। पुलिस ने बताया कि पीड़ित दक्ष को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News