डॉक्टर की गंभीर लापरवाही: ऑपरेशन के दौरान पेट में छोड़ दी कैंची, 5 सालों तक दर्द झेलती रही महिला, ऐसे हुआ खुलासा
punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 03:50 PM (IST)
नेशनल डेस्कः केरल के अलप्पुझा से चिकित्सा लापरवाही का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला के पेट में पांच साल तक सर्जरी में इस्तेमाल की गई कैंची फंसी रही और लगातार दर्द झेलने के बाद जांच में इस चौंकाने वाले सच का खुलासा हुआ। मामले के सामने आते ही राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने इसे गंभीर चूक मानते हुए सख्त जांच के आदेश दे दिए हैं।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता ऊषा जोसेफ, जो अलप्पुझा के पुन्नप्रा क्षेत्र की निवासी हैं, ने बताया कि करीब पांच साल पहले उनका पेट का ऑपरेशन सरकारी मेडिकल कॉलेज में हुआ था। सर्जरी के बाद से ही उन्हें बीच-बीच में असहनीय दर्द की शिकायत रहने लगी। उन्होंने कई अस्पतालों में उपचार कराया, लेकिन दर्द की असली वजह सामने नहीं आ सकी। हाल ही में जब दर्द असहनीय हो गया तो उन्होंने विस्तृत जांच करवाई। एमआरआई स्कैन में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। उनके पेट के भीतर ऑपरेशन में उपयोग की जाने वाली कैंची मौजूद थी। आरोप है कि पूर्व में वंदनम सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जांच के दौरान भी इस गंभीर त्रुटि का पता नहीं लगाया जा सका और उन्हें किडनी स्टोन बताकर वापस भेज दिया गया था।
सख्त जांच के आदेश
बाद में उन्हें कोच्चि के अमृता अस्पताल ले जाया गया, जहां एमआरआई रिपोर्ट में पेट के अंदर छूटी कैंची की पुष्टि हुई। इस घटना के सामने आने के बाद केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने इसे गंभीर लापरवाही करार देते हुए सख्त जांच के आदेश दिए हैं। मामले की जांच के लिए मेडिकल अधिकारियों की एक विशेष टीम वंदनम सरकारी मेडिकल कॉलेज भेजी गई है। पीड़िता और उनका परिवार दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहा है। यह घटना चिकित्सा प्रणाली में सतर्कता और जवाबदेही की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करती है।
