School Closed: भारी बारिश के कारण 4 जिलों के स्कूल बंद, हाई अलर्ट पर ओडिशा सरकार

punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 04:44 PM (IST)

नेशनल डेस्क: बंगाल की खाड़ी पर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण ओडिशा के कई हिस्सों में सोमवार को भारी बारिश हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारी बारिश के कारण चार जिलों में स्कूल बंद रहे, कुछ समय के लिए ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं और सरकार ने जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा है। 

अधिकारियों ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किए जाने के बाद एहतियात के तौर पर जगतसिंहपुर, सोनपुर, मयूरभंज और केंद्रपाड़ा जिलों के स्कूल बंद कर दिए गए। स्थिति की समीक्षा के लिए हुई उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करने वाले राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि सरकार किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। 

कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना
पुजारी ने कहा, "आज (सोमवार) शाम से अगले 24 घंटों के दौरान सामान्य से लेकर भारी और कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। इसके बाद बारिश की तीव्रता कम होने की उम्मीद है। स्थिति से निपटने के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं।" उन्होंने बताया कि महानदी समेत सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है और मयूरभंज, क्योंझर तथा बालासोर जिलों में फिलहाल बाढ़ का कोई तत्काल खतरा नहीं है। मंत्री ने कहा, "जमीनी स्तर के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और जलभराव की स्थिति में निचले इलाकों से पानी निकालने के लिए पंप लगाने के निर्देश दिए गए हैं।" 

19 जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी
आईएमडी ने सुंदरगढ़, क्योंझर और मयूरभंज जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। वहीं, 19 जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' और आठ अन्य जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी है। मौसम विभाग ने मछुआरों को 29 जुलाई तक ओडिशा तट के आसपास और समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News