School Holidays: स्कूलों में शुरू हो गई हैं दिवाली की छुट्टियां, जानिए कहां कितने दिन की छुट्टी

punjabkesari.in Monday, Oct 13, 2025 - 06:42 PM (IST)

नेशनल डेस्क: देशभर में त्योहारों की रौनक शुरू हो चुकी है। जैसे-जैसे दिवाली और छठ पूजा नज़दीक आ रही हैं, कई राज्यों में स्कूलों की छुट्टियों का ऐलान कर दिया गया है। कहीं प्रशासनिक सर्वे के कारण स्कूल बंद हैं, तो कहीं त्योहारों की वजह से बच्चों और शिक्षकों को आराम का मौका मिला है। आइए जानते हैं- कहां, कब और क्यों मिली छुट्टी।

कर्नाटक- सर्वे के लिए लंबा ब्रेक

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घोषणा की है कि राज्य के सभी स्कूल 8 अक्टूबर से 18 अक्टूबर 2025 तक बंद रहेंगे। यह निर्णय राज्य में चल रहे सामाजिक और एजुकेशनल सर्वे (जाति सर्वे) को पूरा करने के लिए लिया गया है। कई जिलों में सर्वे की गति धीमी होने के कारण छुट्टियों की अवधि बढ़ाई गई है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार कोप्पल जिले में 97% सर्वे पूरा हो चुका है, जबकि उडुपी और दक्षिण कन्नड़ जिलों में क्रमशः 63% और 60% काम बाकी है। जिन शिक्षकों की ड्यूटी मिड-टर्म एग्जाम में है, उन्हें सर्वे से छूट दी गई है।

राजस्थान- दिवाली पर 12 दिन की मस्ती

राजस्थान शिक्षा विभाग ने दिवाली के मद्देनज़र 13 अक्टूबर से 24 अक्टूबर 2025 तक स्कूलों की छुट्टी घोषित की है। यानी छात्रों और शिक्षकों को लगातार 12 दिनों का ब्रेक मिलेगा। यह छुट्टी आज से शुरू हो रही है, जिससे सभी को त्योहार की पूरी तैयारी और जश्न का समय मिल सकेगा।

उत्तर प्रदेश- छोटी दिवाली से शुरू होगा अवकाश

उत्तर प्रदेश में दिवाली की छुट्टियां थोड़ी देर से शुरू होंगी। यहां 20 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक स्कूल बंद रहेंगे। वीकेंड यानी 18 और 19 अक्टूबर को जोड़ने पर छात्रों को कुल 6 दिनों की छुट्टी मिलेगी। इससे वे अपने परिवार के साथ दिवाली की रौनक का भरपूर आनंद उठा सकेंगे।

बिहार- दिवाली और छठ पूजा का डबल ब्रेक

बिहार में स्कूलों की छुट्टियां 20 अक्टूबर से शुरू होंगी। यह अवकाश दिवाली और छठ पूजा—दोनों पर्वों को ध्यान में रखकर बढ़ाया गया है। राज्य सरकार ने कहा है कि छठ की तैयारियों में ग्रामीण इलाकों में शिक्षकों और छात्रों की सक्रिय भूमिका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। त्योहारों के इस मौसम में बच्चों के लिए पढ़ाई से राहत और घर-परिवार के साथ खुशियों का वक्त दोनों ही मिल रहे हैं- यानी, त्योहारों की छुट्टियां और भी खास हो गई हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News