SBI अधिकारी ने किया मराठी भाषा का अपमान, शिवसेना उद्धव गुट ने पीटा जमकर, सामने आया वीडियो

punjabkesari.in Tuesday, Jun 10, 2025 - 05:17 PM (IST)

नेशनल डेस्क : महाराष्ट्र के धुले जिले में मराठी भाषा के सम्मान को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। यह मामला स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की देवपुर शाखा का है, जहां बैंक मैनेजर पर एक महिला शिक्षिका के साथ बदसलूकी करने और मराठी भाषा का अपमान करने का आरोप लगा है।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना 4 जून की शाम की बताई जा रही है। एक महिला शिक्षिका गोल्ड लोन की किस्त भरने देवपुर SBI ब्रांच पहुंची थीं। शिक्षिका का आरोप है कि जब उन्होंने मराठी में बातचीत शुरू की, तो बैंक मैनेजर अतुल राजेंद्र कुमार गांधी ने उनसे मराठी में बात करने से मना कर दिया और कहा, 'मुझे मराठी नहीं आती, हिंदी में बात करो। तुम मराठी लोग ऐसे ही होते हो!' इतना ही नहीं, शिक्षिका ने आरोप लगाया कि अधिकारी ने उन्हें गुजराती भाषा में अपशब्द भी कहे और मराठी भाषा को लेकर अपमानजनक बातें कहीं।

शिवसेना (उद्धव गुट) का विरोध प्रदर्शन

इस घटना से आहत शिक्षिका ने शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेताओं से संपर्क किया। इसके बाद सोमवार को पार्टी के स्थानीय नेता धीरज पाटिल के नेतृत्व में शिवसैनिक बैंक की देवपुर शाखा पहुंचे। उस वक्त तक आरोपी मैनेजर अतुल गांधी मौके से जा चुके थे। गुस्साए शिवसेना कार्यकर्ताओं ने बैंक के एक अन्य अधिकारी सदाशिव अजगे से जवाब मांगा। इसी दौरान एक कार्यकर्ता ने अधिकारी को थप्पड़ जड़ दिया। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

दोनों पक्षों पर केस दर्ज

  • इस घटना के बाद देवपुर पुलिस स्टेशन में दोनों पक्षों पर केस दर्ज कर लिया गया है।
  • महिला शिक्षिका की शिकायत पर दो बैंक अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
  • दूसरी ओर, बैंक की तरफ से भी शिवसेना कार्यकर्ताओं के खिलाफ मारपीट और धमकाने के आरोप में FIR करवाई गई है।
  • पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और मामले की जांच प्राथमिकता पर है।

चुनाव से पहले मराठी अस्मिता का मुद्दा गरमाया

महाराष्ट्र में जल्द ही ग्राम पंचायत और नगर निगम चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में मराठी भाषा और अस्मिता को लेकर सियासी माहौल गर्म हो गया है। पहले मनसे (महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना) ने इस मुद्दे को उठाया था और अब शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) भी इसे लेकर सक्रिय हो गई है। शिवसेना नेता धीरज पाटिल ने बयान दिया, 'मराठी भाषा का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिसने अपमान किया है, उससे जवाब लेना हमारा हक है।'

पृष्ठभूमि में 'मराठी बनाम गैर-मराठी' बहस

महाराष्ट्र में मराठी और गैर-मराठी समुदायों के बीच भाषाई और सांस्कृतिक विवाद पहले भी कई बार उठ चुके हैं। कुछ मामले अदालत तक भी पहुंच चुके हैं। यह ताज़ा मामला एक बार फिर मराठी अस्मिता को लेकर जनता और राजनीतिक दलों की भावनाओं को उभार रहा है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News