तबीयत खराब होने के बाद सत्येंद्र जैन अस्पताल में भर्ती, केजरीवाल ने कहा- भगवान इन अत्याचारियों को माफ नहीं करेंगे

punjabkesari.in Monday, May 22, 2023 - 03:27 PM (IST)

नई दिल्ली: धधन शोधन के एक मामले में जेल में बंद दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को रीढ़ की हड्डी से जुड़ी समस्या के कारण सोमवार को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। कारागार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पिछले साल मई में धन शोधन के एक मामले में गिरफ्तारी के बाद से दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद जैन को शनिवार को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन वह किसी और चिकित्सक से भी परामर्श लेना चाहते थे इसलिए उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। सफदरजंग अस्पताल के एक प्रवक्ता ने कहा, जैन सुबह न्यूरोसर्जरी ओपीडी (बाह्य रोगी विभाग) आए और वहां चिकित्सकों द्वारा जांच किए जाने के बाद वापस चले गए। उनके साथ पुलिस भी मौजूद थी।'' धन शोधन के एक मामले में जैन को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 31 मई 2022 को गिरफ्तार किया था।

भगवान भी इन अत्याचारियों को कभी माफ नहीं करेंगे
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उनके जल्द स्वस्थ्य होने की कामना करते हुए ट्वीट किया, सत्येंद्र जैन जी के बेहतर स्वास्थ्य के लिए मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं। भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) की सरकार के इस अहंकार और ज़ुल्म को दिल्ली और देश के लोग अच्छे से देख रहे हैं। भगवान भी इन अत्याचारियों को कभी माफ नहीं करेंगे। इस संघर्ष में जनता हमारे साथ है, ईश्वर हमारे साथ हैं, हम सरदार भगत सिंह जी के अनुयायी हैं। ज़ुल्म, अन्याय और तानाशाही के खिलाफ हमारी यह लड़ाई जारी रहेगी।

आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता एवं सांसद संजय सिंह ने भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट किया, भाजपा के लोगों, खूब ताली पीटो, खूब जश्न मनाओ, लेकिन याद रखना कि यह वही शख़्स है जो खुद करोना वायरस से संक्रमित हुआ, इनके पिता की मृत्यु हुई, लेकिन दिल्ली के लोगों की सेवा में पीछे नहीं रहा। भाजपा सत्येंद्र जैन की जान लेना चाहती है। इतनी भी क्रूरता अच्छी नहीं है मोदी जी। सुप्रीम कोर्ट में जैन की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक सिंघवी ने पिछले सप्ताह अदालत को बताया था कि पूर्व मंत्री का वजन 35 किलोग्राम कम हुआ है, वह हड्डियों का ढांचा बन गए हैं और वह कई बीमारियों से भी जूझ रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News