संजय कपूर ने निधन से 5 दिन पहले करिश्मा के बच्चों के नाम कर दी इतने करोड़ की प्राॅपर्टी, अब कोर्ट ने प्रिया को जवाब देने का दिया आदेश
punjabkesari.in Wednesday, Sep 10, 2025 - 02:50 PM (IST)

नई दिल्ली: सोना कॉमस्टार के दिवंगत चेयरमैन संजय कपूर के निधन के बाद उनके करोड़ों की संपत्ति को लेकर फैमिली में विवाद गहराता जा रहा है। लगभग 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति के असली मालिक कौन होंगे, इसे लेकर कपूर परिवार के सदस्य आपस में आमने-सामने आ गए हैं। हाल ही में बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के दो बच्चे - कियान और समायरा - ने अपनी सौतेली मां प्रिया सचदेव कपूर के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में वसीयत में कथित हेराफेरी का आरोप लगाते हुए मुकदमा दायर किया है।
संजय कपूर की तीन शादियां हुईं थीं। पहली शादी नंदिता महतानी से, दूसरी बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर से, जिनसे उनके दो बच्चे कियान और समायरा हैं, और तीसरी शादी प्रिया सचदेव से, जिनसे उनका एक बेटा है। संजय कपूर का निधन 12 जून 2025 को हुआ था और इसके बाद उनकी संपत्ति का मालिकाना हक एक बड़ा विवाद बन गया है।
करिश्मा कपूर के बच्चों का आरोप:
करिश्मा कपूर के बेटे और बेटी ने अपनी सौतेली मां प्रिया सचदेव पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि उन्होंने संजय कपूर की वसीयत में धोखाधड़ी कर संपत्ति पर पूरा नियंत्रण हड़पने की कोशिश की। बच्चों का कहना है कि प्रिया कपूर ने अपने दो सहयोगियों दिनेश अग्रवाल और नितिन शर्मा के साथ मिलकर 30 जुलाई 2025 को हुई पारिवारिक बैठक में वसीयत पेश करने से पहले उसे सात सप्ताह से अधिक समय तक छिपाकर रखी, जिससे उन्हें नुकसान हुआ।
बच्चों ने कोर्ट से आग्रह किया है कि उन्हें संजय कपूर के प्रथम श्रेणी कानूनी वारिस के रूप में मान्यता दी जाए और उनकी संपत्ति का न्यायसंगत बंटवारा किया जाए। वे प्रत्येक को पांचवां हिस्सा देने की भी मांग कर रहे हैं।
प्रिया सचदेव का जवाब
दूसरी तरफ प्रिया सचदेव कपूर ने दिल्ली हाई कोर्ट में मुकदमे का विरोध करते हुए कहा है कि संजय कपूर की मृत्यु के समय वे उनकी वैध कानूनी पत्नी थीं। उनके वकील का कहना है कि संजय कपूर ने अपने निधन से 5 दिन पहले एक ट्रस्ट के माध्यम से लगभग 1900 करोड़ रुपये की संपत्ति अपने बच्चों के नाम कर दी थी। उन्होंने यह भी कहा कि करिश्मा कपूर के साथ तलाक की कानूनी लड़ाई सुप्रीम कोर्ट में पूरी हो चुकी है और वे संजय कपूर की अंतिम पत्नी थीं। प्रिया के वकील ने कोर्ट में कहा, जब करिश्मा कपूर सुप्रीम कोर्ट तक तलाक के लिए गईं, तब वे कहां थीं? संजय कपूर ने उन्हें कई साल पहले छोड़ दिया था। अब अचानक संपत्ति के लिए लड़ाई क्यों?
अदालत की कार्रवाई और आदेश:
दिल्ली उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति ज्योति सिंह की पीठ ने संजय कपूर की संपत्ति विवाद से संबंधित मामले में प्रिया सचदेव को जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है। साथ ही अदालत ने प्रिया कपूर से 12 जून 2025 तक संजय कपूर की सभी चल और अचल संपत्तियों की विस्तृत सूची कोर्ट में जमा करने को कहा है।
अदालत ने यह भी निर्देश दिया है कि संपत्ति विवाद के समाधान तक किसी भी संपत्ति के बंटवारे या हस्तांतरण पर रोक रहेगी। अगली सुनवाई अब 9 अक्टूबर 2025 को होगी। इस मुकदमे में संजय कपूर की मां, उनकी तीन पत्नियां और उनके बच्चे शामिल हैं। करिश्मा कपूर के बच्चे कोर्ट में अपनी मां के प्रतिनिधित्व में इस मामले की पैरवी कर रहे हैं, जबकि प्रिया सचदेव अपनी कानूनी स्थिति स्पष्ट कर रही हैं। परिवार के फार्म हाउस और अन्य संपत्तियों पर भी विवाद है।
विवाद का कंपनी पर असर:
इस सब के बीच संजय कपूर की कंपनी Sona Comstar का शेयर बाजार में प्रदर्शन प्रभावित हुआ है। 9 सितंबर 2025 को कंपनी के शेयर लगभग 1.91% गिरकर 445.65 रुपये के स्तर पर बंद हुए। यह कंपनी ऑटोमोटिव पार्ट्स बनाती है और हाल ही में चीन द्वारा रेयर अर्थ एलिमेंट्स पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद सुर्खियों में रही है।
फैमिली ड्रामा का नया मोड़:
संजय कपूर की संपत्ति को लेकर यह विवाद सिर्फ कानूनी लड़ाई नहीं है, बल्कि इसमें फैमिली ड्रामा भी शामिल है। करिश्मा कपूर के बच्चों ने अपनी सौतेली मां के खिलाफ आरोप लगाते हुए कहा है कि वसीयत में धोखाधड़ी की गई है, जबकि प्रिया सचदेव ने इसे पूरी तरह से खारिज करते हुए अपने अधिकारों का दावा किया है।