महिला का खुलासा वायरल: बेंगलुरु में कामवाली बाई की सैलरी ₹45,000 प्रति माह, परिवार का मासिक बजट करीब ₹3 लाख रुपये
punjabkesari.in Tuesday, Oct 14, 2025 - 11:59 AM (IST)
नेशनल डेस्क: भारत की टेक राजधानी बेंगलुरु में रहने वाली एक रूसी महिला ने हाल ही में अपनी मासिक खर्चों की सूची साझा कर सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। यूलिया असलमोवा, जो पिछले 11 सालों से बेंगलुरु में रह रही हैं, ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो में बताया कि उनके छोटे से परिवार का मासिक बजट करीब ₹3 लाख रुपये है। लेकिन इस वीडियो में जो सबसे ज़्यादा ध्यान खींचने वाली बात रही, वह थी — कामवाली बाई की सैलरी। यूलिया ने बताया कि वह अपने घरेलू सहायक को ₹45,000 प्रति माह भुगतान करती हैं। इस एक खुलासे ने इंटरनेट यूजर्स को चौंका दिया और वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया। कुछ ही घंटों में 3 लाख से अधिक व्यूज़ और हजारों कमेंट्स आ चुके हैं।
खर्च की लिस्ट ने उड़ाए होश
यूलिया के मुताबिक:
किराया: ₹1.25 लाख
खाद्य और घरेलू जरूरतें: ₹75,000
स्कूल फीस: ₹30,000
हेल्थ और फिटनेस: ₹30,000
पेट्रोल: ₹5,000
कामवाली की सैलरी: ₹45,000
इस खर्च का विवरण सुनकर कई लोगों ने हैरानी जताई। एक यूजर ने लिखा, “मैडम क्या आप ताज होटल में रहती हैं?” वहीं, दूसरे ने मजाक उड़ाते हुए कहा, “इतनी सैलरी तो मेरी नहीं है, जितनी आप बाई को दे रही हैं!”
पहले बेंगलुरु सस्ता था”
वीडियो में यूलिया ने यह भी कहा कि जब वह एक दशक पहले बेंगलुरु आई थीं, तो चीज़ें काफी सस्ती थीं। उस समय HSR लेआउट में एक 2BHK फ्लैट सिर्फ ₹25,000 किराए में मिल जाता था। लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि एक मिडल क्लास परिवार को भी आरामदायक जीवन के लिए ₹2.5 लाख प्रति माह की ज़रूरत है।
सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं
लोगों ने यूलिया की जीवनशैली पर मिलेजुले विचार रखे। कई लोगों ने माना कि उनकी जीवनशैली काफी हाई-एंड है, इसलिए खर्चे ज्यादा हैं। लेकिन कामवाली बाई को दी जाने वाली मोटी सैलरी ने नई बहस छेड़ दी है — क्या घरेलू कामगारों की सैलरी में भी इतना फर्क आ चुका है?
