‘अपने गुणों के कारण लंबे समय तक याद किए जायेंगे बादल’, RSS ने प्रकाश सिंह बादल के निधन पर जताया शोक
punjabkesari.in Wednesday, Apr 26, 2023 - 04:59 PM (IST)

नई दिल्लीः राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल के निधन पर बुधवार को शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपने गुणों के कारण दीर्घ काल तक याद किए जाएंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने अपने संयुक्त बयान में कहा, ‘‘अपने प्रभावी व्यक्तित्व और कार्य से पंजाब के सार्वजनिक जीवन में और अपनी सादगी एवं विनम्रता से संपूर्ण भारत में विशिष्ट छाप बनाने वाले प्रकाश सिंह बादल अपने गुणों के कारण दीर्घ काल तक याद किए जाएंगे।'' उन्होंने कहा कि प्रकाश सिंह बादल के निधन से राष्ट्र के राजनैतिक जीवन में एक समर्पित अनुभवी व्यक्तित्व की अनुपस्थिति लंबे समय तक खलेगी।
भागवत और होसबाले ने कहा, ‘‘ प्रकाश सिंह बादल के निधन पर विनम्रतापूर्वक श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिवारजनों को यह कष्ट सहने का सामर्थ्य प्रदान करें।'' गौरतलब है कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल (95) का मंगलवार को निधन हो गया। वह मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे।