स्पीकर कुलतार सिंह संधवान की कथित टिप्पणी पर भड़के RP Singh, सिख समाज से बिना शर्त माफी मांगने की मांग
punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 05:15 PM (IST)
RP Singh: पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवान द्वारा दाढ़ी को लेकर की गई एक कथित टिप्पणी के बाद विवाद खड़ा हो गया है।BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार और स्पीकर संधवान पर तीखा हमला बोलते हुए इसे सिख पहचान और पंथिक भावनाओं का अनादर करार दिया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई वाली सरकार से इससे बेहतर उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि यह नेतृत्व पंथिक भावनाओं का सम्मान करने में लगातार नाकाम साबित हो रहा है। आर.पी. सिंह के अनुसार, संवैधानिक पद पर बैठे कुलतार सिंह संधवान ने कथित तौर पर "ਖੁਸਰੇ ਦੀ ਅੱਡੀ ਵਰਗੀਆਂ ਦਾੜ੍ਹੀਆਂ" ("ट्रांसजेंडर की एड़ी जैसी दाढ़ी") जैसे अनुचित शब्दों का इस्तेमाल किया है।
टिप्पणी के बाद सिख समुदाय में दिखा भारी आक्रोश
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि इस टिप्पणी से सिख समुदाय में गहरी नाराजगी और आक्रोश है, क्योंकि इसे सिख दाढ़ी का उपहास उड़ाने के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने सिख मर्यादा का जिक्र करते हुए लिखा- सिखों के लिए दाढ़ी केवल चेहरे के बाल नहीं हैं। यह गुरु साहिबानों का आशीर्वाद, आस्था का अटूट हिस्सा और सिख पहचान, सम्मान व त्याग का प्रतीक है।
अमृतधारी सिख होने के नाते गरिमा बनाए रखने की सलाह
आर.पी. सिंह ने इस बात पर गहरा दुख जताया कि ये कथित टिप्पणियां एक अमृतधारी सिख की ओर से आई हैं, जो विधानसभा अध्यक्ष जैसे गरिमामयी संवैधानिक पद पर आसीन हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे उच्च पदों पर बैठे व्यक्ति से संयम, मर्यादा और गुरुओं के मूल्यों के प्रति आदर की अपेक्षा की जाती है, न कि ऐसी भाषा की जिससे सिख पहचान के किसी पवित्र पहलू का मजाक उड़े।
बिना शर्त सार्वजनिक माफी की रखी मांग
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बीजेपी नेता ने पंजाब विधानसभा अध्यक्ष से तुरंत, बिना शर्त और स्पष्ट रूप से सिख समुदाय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
