5 में से 3 सीटों पर BJP का कब्जा, 'अम्मा' की सीट पर मिले नोटा से भी कम वोट, स्वामी ने कसा तंज

punjabkesari.in Sunday, Dec 24, 2017 - 06:57 PM (IST)

नई दिल्लीः चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे घोषित हो चुके हैं। इनमें से तीन सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की है। यूपी की सिकंदरा सीट और अरुणाचल में लिकाबाली, पक्के-केसांग सीटें भाजपा की झोली में गईं। तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता के निधन के बाद खाली हुई आरके नगर विधानसभा सीट पर AIADMK से दरकिनार किए गए टीटीवी दिनाकरन ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर जीत दर्ज की है। पश्चिम बंगाल में सबांग सीट पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने कब्जा किया। वहीं, आरके नगर विधानसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा को ‘नोटा’ से भी कम वोट मिलने पर वरिष्ठ भाजपा नेता सुब्रमण्यन स्वामी ने तंज कसा। 

यह भाजपा के लिए जवाबदेही का वक्त
जानकारी के मुताबिक, उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार को 758 वोट (हालांकि अभी आकड़ों की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है।) मिले हैं जबकि नोटा को 1404 वोट मिले हैं। इस पर राज्य सभा सांसद स्‍वामी ने ट्वीट किया कि, ‘तमिलनाडु में भाजपा का रिकॉर्ड। एक राष्ट्रीय रूलिंग पार्टी को ‘नोटा’ से भी एक चौथाई वोट मिले हैं। ये जवाबदेही का वक्त है।’

वहीं, इससे पहले भी स्वामी ने उपचुनाव में टीटीवी दिनाकरण मिली बढ़त को लेकर एक ट्वीट किया था। इसमें उन्होंने लिखा, ‘ टीटीवी दिनाकरण शायद चुनाव जीत लिया है। मैं उम्‍मीद करता हूं कि 2019 लोकसभा चुनाव से पहले अन्‍नाडीएमके के दोनों धड़े एक हो जाएंगे।’

अरूणाचल की दोनों सीटों पर खिला कमल
अरुणाचल प्रदेश विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने दोनों सीटें--पक्के केशंग और लिकाबाली जीत ली हैं। पक्के केशंग में पार्टी उम्मीदवार बियूराम वाघे ने कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व उप-मुख्यमंत्री कामेन्ग डोलो को लगभग 500 वोटों से शिकस्त दी। लिकाबाली में भाजपा के कार्दो निक्योर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी और पीपल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल प्रदेश के गुमके रिबा को लगभग 300 वोटों से पराजित किया।

बंगाल में टीएमसी का जलवा बरकरार
पश्चिम बंगाल में सबंग विधानसभा सीट के उपचुनाव में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने जीत हासिल की है। पहले यह सीट कांग्रेस के पास थी। तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार गीता भूनिया ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी माकर्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की रीता मंडल को 65 हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराया। वहीं, भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार अंतरा भट्टाचार्य तीसरे स्थान पर रहीं।  गीता भूनिया कांग्रेस के पूर्व नेता मानस भूनिया की पत्नी है, जो इस साल के शुरू में सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल हो गई थीं, जिसकी वजह से यह उपचुनाव कराया गया। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News