''बुड्ढा लड़का लोफर है...'' RJD ने CM नीतीश कुमार पर किया मर्यादाहीन हमला, जानें इस बयान की वजह
punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 04:09 PM (IST)
नेशनल डेस्क: बिहार विधान परिषद में CM नीतीश कुमार द्वारा राबड़ी देवी को लेकर की गई टिप्पणी पर सियासी घमासान चरम पर पहुंच गया है। नीतीश कुमार द्वारा राबड़ी देवी को 'लड़की' कहे जाने के बाद RJD ने बेहद आक्रामक और विवादित रुख अपनाया है। रोहिणी आचार्य और तेजस्वी यादव के हमलों के बाद अब RJD ने एक्स पर सीएम के खिलाफ 'लोफर' और 'बुड्ढा' जैसे शब्दों का प्रयोग करते हुए तीखा प्रहार किया है।
<
संवैधानिक पद पर बैठ महिलाओं के लिए अश्लील बातें करने वाला बिहार का बुड्ढा लड़का लोफर है।
— Rashtriya Janata Dal (@RJDforIndia) February 10, 2026
>
सदन में भारी हंगामा और मार्शल आउट
मंगलवार को इस मुद्दे को लेकर विधान परिषद की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। विपक्षी सदस्य वेल तक पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। सभापति के बार-बार अनुरोध के बावजूद जब सदन की कार्यवाही में बाधा डालना जारी रहा, तो उन्होंने कड़ी कार्रवाई करते हुए मार्शल बुला लिए। हंगामे पर उतारू विपक्षी सदस्यों को मार्शल के जरिए सदन से बाहर निकलवा दिया गया और उन्हें पूरे दिन के लिए निष्कासित कर दिया गया।
सुनील सिंह और अशोक चौधरी के बीच तीखी झड़प
सदन के भीतर केवल नारेबाजी ही नहीं, बल्कि सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच निजी हमले भी देखने को मिले। राजद नेता सुनील सिंह और मंत्री अशोक चौधरी के बीच तीखी नोकझोंक हुई। गुस्से में तमतमाए अशोक चौधरी ने जब सुनील सिंह से पूछा "तुम क्या हो?", तो जवाब में सुनील सिंह ने उन्हें "नौटंकीबाज" कह दिया। मार्शल को बीच-बचाव कर दोनों नेताओं को अलग करना पड़ा।
